बॉलीवुड में कई सितारे अपनी खूबसूरती और लोकप्रियता के दम पर पहचान बनाते हैं, लेकिन कुछ ऐसे कलाकार भी होते हैं, जो अपने अलग अंदाज, मजबूत अभिनय और बेबाक विचारों के कारण चर्चा में रहते हैं। अभिनेत्री कंगना रनौत ऐसी ही शख्सियत हैं। हिमाचल प्रदेश के छोटे से कस्बे से निकलकर हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाने और फिर राजनीति के मैदान में कदम रखने तक का उनका सफर काफी दिलचस्प रहा है। कंगना ने अपने अभिनय से कई बार दर्शकों को प्रभावित किया है, तो अपने बयानों और विचारों के कारण वह अक्सर सुर्खियों में भी रहती हैं। आज वह केवल अभिनेत्री ही नहीं, बल्कि फिल्म निर्माता, निर्देशक और मंडी लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी की सांसद भी हैं
कंगना रनौत का जन्म 23 मार्च 1987 को हिमाचल प्रदेश के भांबला में हुआ था। उनका परिवार चाहता था कि वह पढ़ाई पूरी करके पारंपरिक करियर अपनाएं, लेकिन कंगना के सपने कुछ अलग थे। उन्होंने कम उम्र में ही अभिनय की दुनिया में कदम रखने का फैसला कर लिया। अपने परिवार की इच्छा से अलग रास्ता चुनते हुए वह दिल्ली पहुंचीं और थिएटर से जुड़ गईं। इसके बाद अभिनय में करियर बनाने के लिए मुंबई का रुख किया।
मुंबई जैसे बड़े शहर में बिना किसी फिल्मी पृष्ठभूमि के अपनी जगह बनाना आसान नहीं था। शुरुआती दिनों में उन्हें कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। ऑडिशन और संघर्ष के बीच आखिरकार उन्हें फिल्म 'गैंगस्टर' में काम करने का मौका मिला। यही फिल्म उनके करियर का पहला बड़ा पड़ाव साबित हुई
साल 2006 में रिलीज हुई फिल्म 'गैंगस्टर' से कंगना ने बॉलीवुड में डेब्यू किया। फिल्म में उनके अभिनय को दर्शकों और समीक्षकों ने पसंद किया। इसके बाद वह 'वो लम्हे' और 'लाइफ इन अ मेट्रो' जैसी फिल्मों में नजर आईं। साल 2008 में आई मधुर भंडारकर की फिल्म 'फैशन' ने उनके अभिनय को नई ऊंचाई दी। इस फिल्म में उन्होंने एक संघर्षरत मॉडल का किरदार निभाया था। उनके दमदार प्रदर्शन के लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
इसके बाद 'वन्स अपॉन ए टाइम इन मुंबई', 'तनु वेड्स मनु' और 'कृष 3' जैसी फिल्मों ने उन्हें लोकप्रिय अभिनेत्री के रूप में स्थापित किया। हालांकि, उनके करियर का सबसे बड़ा मोड़ साल 2014 में आई फिल्म 'क्वीन' से आया। इसमें उन्होंने रानी नाम की एक साधारण लड़की का किरदार निभाया, जो अपनी जिंदगी को नए नजरिए से देखना सीखती है। इस फिल्म ने उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार दिलाया।