कश्मीर के बुरे दौर को याद करके भावुक हुए काजी तौकीर, बोले- मैंने तो कभी सिंपेथी नहीं ली

Posted on: 2026-11-28


hamabani image

रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' में इन दिनों कंटेस्टेंट्स के बीच जमकर विवाद देखने को मिल रहा है। शो में अब काजी तौकीर और अरिश्फा खान के बीच भी जुबानी जंग छिड़ गई है। इस बहस के दौरान काजी ने अपनी जिंदगी के मुश्किल दिनों को याद करते हुए कश्मीर से जुड़े अपने अनुभवों के बारे में बात की। उन्होंने कहा कि उन्होंने बचपन में ऐसे हालात देखे हैं, जिन्हें शब्दों में बयां करना आसान नहीं है। इसके बावजूद उन्होंने कभी अपने संघर्षों का इस्तेमाल किसी रियलिटी शो में सहानुभूति पाने या मौका हासिल करने के लिए नहीं किया।

'बिग बॉस 20' के हालिया एपिसोड में अरिश्फा खान और काजी तौकीर के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई। इस दौरान काजी ने अरिश्फा पर आरोप लगाया कि वह अक्सर अपनी जिंदगी की परेशानियों और संघर्षों का जिक्र करती हैं। अपनी बात समझाते हुए काजी ने कहा कि अगर वह चाहते तो अपनी जिंदगी के मुश्किल अनुभवों को भी लोगों के सामने रखकर सहानुभूति हासिल कर सकते थे

काजी ने कहा, 'मैं तो कश्मीर से हूं। मैंने बड़े होते हुए जिंदगी में बहुत अलग और मुश्किल चीजें देखी हैं। क्या मैं उनका इस्तेमाल कर रहा हूं?' उन्होंने आगे कहा कि इन परिस्थितियों ने उन्हें मजबूत बनाया है, लेकिन उन्होंने कभी इन्हें अपनी पहचान या किसी मौके को हासिल करने का जरिया नहीं बनाया।

काजी ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा कि करीब 20 साल पहले जब वह रियलिटी शो में शामिल हुए थे, तब भी उन्होंने अपने निजी संघर्षों को दर्शकों के सामने रखकर सहानुभूति हासिल करने की कोशिश नहीं की थी। उन्हें इस बात पर गर्व है कि उन्होंने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर पहचान बनाई।

उन्होंने रियलिटी शो में आने वाले कुछ दूसरे कंटेस्टेंट्स पर भी निशाना साधा। काजी के मुताबिक, उन्होंने कई ऐसे प्रतिभागियों को देखा है, जो अपने निजी संघर्षों और पारिवारिक परिस्थितियों का जिक्र करके शो में मौका मांगते हैं।उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि कुछ लोग कश्मीर के हालात का हवाला देकर कहते हैं कि उन्हें मौका दिया जाए और फिर गाना गाते हैं। लेकिन उन्होंने खुद कभी ऐसा नहीं किया। काजी ने साफ कहा कि उन्हें अपने इस फैसले पर गर्व है।

काजी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा में है। उनके कुछ प्रशंसक इस बयान को उनकी बेबाकी बता रहे हैं। वहीं, इस बहस को लेकर दर्शकों के बीच अलग-अलग राय देखने को मिल रही है।