नीम करोली बाबा की फिल्म ओटीटी पर रिलीज, डायरेक्टर ने बताया हनुमान अंश का डेढ़ करोड़ का सीन, जो 11.5 लाख में हुआ शूट

Posted on: 2026-11-27


hamabani image

हनुमान अंश 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में शामिल है, जिसने अब तक का सबसे ज्यादा प्रॉफिट अपने नाम किया. 10 लाख की ओपनिंग करने वाली नीम करोली बाबा पर बनी फिल्म ने 100 दिनों तक का सफर बॉक्स ऑफिस पर तय किया और 450 करोड़ पार की कमाई अपने नाम 2 करोड़ के बजट में हासिल की. लेकिन अब ओटीटी पर हनुमान अंश का सफर शुरू हो गया है क्योंकि सोनी लिव पर हिंदी में फिल्म 27 नवंबर को स्ट्रीम होनी शुरू हो गई है. इसी बीच लेखक-निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने हाल ही में अपनी फिल्म ‘हनुमान अंश' से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा शेयर किया और बताया कि उनकी टीम ने ट्रेन के एक भव्य सीक्वेंस को महज 11.5 लाख रुपये में तैयार किया, जबकि असली ट्रेन के साथ इसकी शूटिंग करने पर अनुमानित खर्च करीब 1.5 करोड़ रुपये आता. 

इस सीक्वेंस में नीम करोली बाबा को ट्रेन से नीचे उतारते हुए दिखाया गया है. इसके बाद कई लोग ट्रेन से बाहर निकलते हैं और फिर एक दूसरा इंजन आकर ट्रेन को खींचता है. इस सीक्वेंस की चुनौतियों के बारे में बताते हुए विशाल ने साझा किया कि इसे फिल्माने के लिए करीब 16 शॉट्स की जरूरत थी, जो फिल्म के सीमित बजट में एक मुश्किल काम था. हालांकि, अपने विजन से समझौता करने के बजाय टीम ने इसका एक अनोखा समाधान निकाला. विशाल ने बताया कि शुरुआत में उन्होंने सीक्वेंस के कुछ हिस्सों की शूटिंग की और बाकी काम पोस्ट-प्रोडक्शन के लिए रखा. टीम जिस रिसॉर्ट में ठहरी हुई थी, वहां उन्होंने प्लाईवुड की शीट्स कटवाकर एक बॉक्सनुमा ढांचा तैयार किया, जिसे ट्रेन के डिब्बों को बनाने के लिए रेफरेंस के तौर पर इस्तेमाल किया गया.