चिराग पासवान संग शादी की अफवाहों के बीच IFFI 2026 में पहुंचीं आरुषि निशंक, उत्तराखंड की फिल्म पॉलिसी पर रखी बात

Posted on: 2026-11-26


hamabani image

अभिनेत्री और फिल्म निर्माता आरुषि निशंक इन दिनों गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI 2026) में अपनी मौजूदगी को लेकर चर्चा में हैं। महोत्सव के दौरान उन्होंने उत्तराखंड को फिल्म शूटिंग के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर बात की। आरुषि ने राज्य की फिल्म नीति, शूटिंग के लिए उपलब्ध सुविधाओं और फिल्म निर्माण से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। हालांकि, आरुषि का नाम इन दिनों केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान से जुड़ने के चलते भी काफी चर्चाओं में है। साल 2024 में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के साथ उनकी कुछ तस्वीरें सामने आई थीं जो इन दिनों वायरल हो रही हैं। इन तस्वीरों के बाद दोनों की शादी और रिश्ते को लेकर अफवाहें फैलने लगी। हालांकि अब आरुषि ने खुद सामने आकर इन खबरों पर सफाई दी है।

गोवा में आयोजित IFFI 2026 के दौरान वेव्स फिल्म बाजार में 'डेस्टिनेशन उत्तराखंड: जहां प्रकृति और सिनेमा का जादुई मेल होता है' विषय पर एक विशेष सत्र आयोजित किया गया। इसमें उत्तराखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं के लिए आकर्षक शूटिंग डेस्टिनेशन बनाने पर चर्चा हुई। इस सत्र में उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के संयुक्त निदेशक केएस चौहान, फिल्म निर्माता राम रेड्डी और अभिनेत्री-निर्माता आरुषि निशंक शामिल हुईं।

चर्चा के दौरान केएस चौहान ने उत्तराखंड फिल्म नीति 2024 की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निर्धारित शर्तें पूरी करने वाली हिंदी फिल्मों, वेब सीरीज और टेलीविजन धारावाहिकों के लिए राज्य में अधिकतम 3 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान है। इसके अलावा फिल्म निर्माताओं की सुविधा के लिए सिंगल विंडो सिस्टम और शूटिंग की अनुमति लेने की प्रक्रिया को आसान बनाने पर भी जोर दिया गया।

आरुषि निशंक ने उत्तराखंड में फिल्म निर्माण का मजबूत इकोसिस्टम तैयार करने की जरूरत बताई। उन्होंने अपनी वेब सीरीज 'लाइफ हिल गई' का उदाहरण भी दिया, जिसकी कहानी उत्तराखंड की पृष्ठभूमि पर आधारित है और जिसे जियोहॉटस्टार के लिए बनाया गया था। उनके मुताबिक, राज्य में शूटिंग से जुड़ी सुविधाएं बढ़ने से ज्यादा फिल्म निर्माता यहां आने के लिए प्रोत्साहित होंगे।