सड़क निर्माण का भुगतान अटका, ज्ञापन साैंपकर ग्रामीणों ने पैसा दिलाने की मांग की

Posted on: 2026-05-15


hamabani image

बीजापुर , 15 मई। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत ब्लॉक भैरमगढ़ क्षेत्र में निर्मित बिरियाभूमि से इडेर सड़क निर्माण कार्य किया गया है। लेकिन इसमें मजदूराें काे अब तक विभाग से भुगतान नहीं मिलने का मामला सामने आया है। भुगतान प्रदाय नहीं होने के कारण ग्रामीणों मजदूराें ने शुक्रवार को कलेक्टर के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा है।

भुगतान लंबित रहने से संबंधित ठेकेदार, सप्लायर एवं मजदूरों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण रविन्द्र फरसा ने बताया कि मेरे द्वारा ईई नवीन तोड़ें से भुगतान के संबंध में बात की तो उन्होंने कहा कि मैं तुम्हे नहीं जानता हूं, तुम कौन से थर्ड पार्टी हो, मैं सिर्फ ठेकेदार को जानता हूं। सीधे मुंह बात तक नहीं की, जो बहुत ही निंदनीय है।

मिली जानकारी के अनुसार, श्रृंग कंस्ट्रक्शन अंबिकापुर के द्वारा अनुबंधित सड़क निर्माण कार्य 14 किमी स्वीकृत हुआ है। वही अब तक कुल 9 किमी अर्थवर्क कार्य पूर्ण हो चुका है, लेकिन विभागीय स्तर पर भुगतान प्रक्रिया लंबित होने के कारण ठेकेदार को अब तक राशि प्राप्त नहीं हुई। इससे मजदूरों की मजदूरी और सामग्री सप्लायरों का भुगतान भी प्रभावित हो रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण से क्षेत्र में आवागमन सुगम हुआ है, लेकिन भुगतान में देरी से निर्माण कार्य से जुड़े लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। संबंधित पक्षों ने प्रशासन एवं विभागीय अधिकारियों से शीघ्र भुगतान जारी करने की मांग की गई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द भुगतान नहीं किया गया तो संबंधित विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया जा सकता है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान एसडीएम उत्तम सिंह पंचारी ने कहा कि निर्माण कार्य पीएमजीएसवाय विभाग का है, कलेक्टर से चर्चा कर समस्या का निराकरण किया जाएगा। उक्त संबंध में ईई नवीन तोड़ें का कहना है कि ठेकेदार द्वारा बिल बनाकर आफिस में जमा करने पर बिल भुगतान कर दिया जाएगा।