रायगढ़, 15 मई । जिले के लैलूंगा विकासखंड स्थित झगरपुर धान उपार्जन केंद्र की सरकारी जमीन पर कथित अतिक्रमण को लेकर किसानों ने आज शुक्रवार काे अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) लैलूंगा को आवेदन सौंपकर जमीन का सीमांकन कराने और अतिक्रमण हटाने की मांग की है। किसानों का आरोप है कि सीमांकन कार्य में बाधा डालकर मंडी की जमीन पर कब्जे की कोशिश की जा रही है।
स्थानीय किसानों के अनुसार झगरपुर धान उपार्जन केंद्र के लिए पूर्व में जमीन उपलब्ध कराई गई थी, लेकिन वर्तमान में मंडी परिसर में पर्याप्त जगह नहीं बची है। किसानों का कहना है कि धान खरीद के समय बड़ी संख्या में ट्रेक्टर और वाहन पहुंचते हैं, जिससे पार्किंग और धान रखने में परेशानी होती है।
किसानों ने आरोप लगाया है कि सीमांकन के दौरान कुछ लोगों ने विरोध करते हुए सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। शिकायत में यह भी कहा गया है कि मंडी परिसर और आसपास की जमीन पर कथित रूप से घेराव कर अतिक्रमण का प्रयास किया जा रहा है।
मामले को लेकर किसानों अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) लैलूंगा को आज आवेदन सौंपकर जमीन का सीमांकन कराने और अतिक्रमण हटाने की मांग की है। किसानों ने कहा है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे मामले को उच्च अधिकारियों तक ले जाएंगे। किसानों ने मंडी परिसर की सरकारी जमीन का सीमांकन कराने, अतिक्रमण हटाने और धान खरीदी के दौरान पर्याप्त पार्किंग व भंडारण व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
फिलहाल मामले को लेकर प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। स्थानीय किसान प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।