रायपुर 12 सितंबर । छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता के कारण प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में अगले पांच दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार आज शनिवार से 16 सितंबर तक अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होगी। 12 और 13 सितंबर को गरज-चमक के साथ वज्रपात की आशंका को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार आज (12 सितंबर) को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा भी हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी आशंका है। वहीं राजधानी रायपुर की बात करें तो यहां सुबह से ही काले बादल छाए हुए है।
13 सितंबर को भी प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक और वज्रपात की संभावना बनी हुई है। इसे देखते हुए इस दिन भी यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 14 सितंबर को प्रदेश के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। हालांकि, इस दिन किसी प्रकार की विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। 15 और 16 सितंबर को भी प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इन दोनों दिनों के लिए मौसम विभाग ने कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि गरज-चमक और वज्रपात के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें तथा सुरक्षित स्थान पर रहें।