जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र द्वारा 15 सितंबर, मंगलवार को जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। श्रीराम चौक/मिशन चौक के समीप स्थित जनपद पंचायत सभाकक्ष, बलरामपुर में प्रातः 10ः30 से दोपहर 3 बजे तक चलने वाले इस मेले में चार निजी कंपनियां 610 से अधिक पदों के लिए मौके पर ही साक्षात्कार लेकर चयन करेंगी।
कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने रोजगार की तलाश कर रहे जिले के युवाओं से इस मेले में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह मेला युवाओं के लिए अपने ही जिले में प्रतिष्ठित निजी कंपनियों से सीधे जुड़ने का सुनहरा अवसर है, जहां भर्ती प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क है। कलेक्टर ने युवाओं से ऑनलाइन आवेदन पूर्ण कर सभी वांछित दस्तावेजों के साथ समय पर मेला स्थल पहुंचने का आग्रह करते हुए कहा कि पूरी तैयारी के साथ आया हर युवा इस पहल को अपने करियर की नई शुरुआत में बदल सकता है।
जिला रोजगार अधिकारी श्री दिवाकर लाल टांडिया ने बताया कि मेले में श्रमिन टैलेंट प्राइवेट लिमिटेड इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन के 20 पदों पर भर्ती करेगी, जिनमें चयनित युवाओं की नियुक्ति बलरामपुर में ही होगी और उन्हें 15,100 से 18,000 रुपये मासिक वेतन के साथ पेट्रोल भत्ता भी मिलेगा। इसी प्रकार फाइंड दक्ष, भिलाई बैंक असिस्टेंट, मार्केटिंग, सेल्स, फिटर-वेल्डर, सुरक्षा व हाउसकीपिंग सहित 125 पदों पर 10 से 25 हजार रुपये, अलर्ट एसजीएस प्राइवेट लिमिटेड, रायपुर सिक्योरिटी गार्ड, सुपरवाइजर व कंप्यूटर ऑपरेटर सहित 317 पदों पर 15 से 40 हजार रुपये तथा फायर, सेफ्टी एंड डिजास्टर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट, भिलाई फायरमैन, सुरक्षा गार्ड, फूड पैकेजिंग, ड्राइवर व वार्ड बॉय के 155 पदों पर 8 से 18 हजार रुपये मासिक वेतन पर चयन करेंगी। आठवीं से स्नातकोत्तर तक उत्तीर्ण, आईटीआई, डीसीए अथवा फायर सेफ्टी डिप्लोमाधारी युवा अपनी योग्यता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं, जबकि ड्राइवर पद के लिए भारी वाहन लाइसेंस अनिवार्य है। चयनित अभ्यर्थियों को बलरामपुर, अंबिकापुर, बिलासपुर, रायपुर और भिलाई सहित प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर कार्य करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि मेले में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों को erojgar.cg.gov.in पोर्टल अथवा सीजी रोजगार ऐप पर बलरामपुर जिला रोजगार मेले का चयन कर ऑनलाइन आवेदन करना होगा तथा उसका प्रिंटआउट साक्षात्कार के समय प्रस्तुत करना होगा। इसके अतिरिक्त आधार अपडेटेड जीवित रोजगार पंजीयन प्रमाण पत्र, शैक्षणिक दस्तावेजों की मूल व छायाप्रति, आधार कार्ड, निवास व जाति प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक की छायाप्रति तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो भी साथ लाना अनिवार्य है।