राजधानी के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में चल रहे झूम तराना महोत्सव में बाल गायिका अरुणिमा शर्मा (आद्या) ने अपनी गायकी का दम दिखाते हुए जूनियर फोक कैटेगरी में प्रथम स्थान हासिल किया। 11 से 14 अगस्त तक आयोजित हो रहे इस ऑल इंडिया लेवल के महोत्सव में करीब 600 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।
सिंगिंग कॉम्पिटिशन में अरुणिमा ने हारमोनियम वादन के साथ छत्तीसगढ़ी लोकगीत ददरिया की लाइव प्रस्तुति दी। उनकी सुरों की पकड़, आत्मविश्वास और मंच पर प्रस्तुति ने निर्णायकों और दर्शकों का ध्यान खींचा। कम उम्र में इतने बड़े मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने प्रतियोगिता में पहला स्थान अपने नाम किया।
देशभर से पहुंचे हैं प्रतिभागी
झूम तराना महोत्सव में म्यूजिक, डांस और आर्ट से जुड़ी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें सब-जूनियर, जूनियर, सीनियर और ओपन कैटेगरी के प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। खास बात यह है कि 10 वर्ष से कम उम्र के बच्चे भी इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
महोत्सव में छत्तीसगढ़ के अलावा अलग-अलग राज्यों से आए प्रतिभागी अपनी कला प्रस्तुत कर रहे हैं। प्रतियोगिताओं के साथ बच्चों को देशभर से आए अन्य कलाकारों की प्रस्तुतियां देखने और उनसे सीखने का अवसर भी मिल रहा है।
इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी दर्ज है नाम
अरुणिमा शर्मा ने इससे पहले भी गायन के क्षेत्र में कम उम्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। हाल ही में उन्हें गायन के क्षेत्र में उपलब्धि के लिए इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में IBR अचीवर के रूप में शामिल किया गया है। झूम तराना में मिला यह पुरस्कार उनकी उपलब्धियों में एक और उपलब्धि जुड़ गई है।