अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर छत्तीसगढ़ में विधिक जागरूकता अभियान आज, साइबर सुरक्षा पर रहेगा विशेष फोकस

Posted on: 2026-08-12


hamabani image

रायपुर , 12 अगस्त । अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर आज बुधवार को छत्तीसगढ़ में युवाओं को विधिक अधिकारों, कर्तव्यों और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से व्यापक विधिक जागरूकता अभियान आयोजित किया जाएगा। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की जागृति योजना-2025 के अंतर्गत अगस्त माह को ‘सशक्त युवा, सशक्त भारत’ थीम के रूप में मनाया जा रहा है।

राज्य के विभिन्न जिलों में जिला प्रशासन और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के समन्वय से शैक्षणिक परिसरों में ‘लीगल राइट्स वीक’ का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान वाद-विवाद प्रतियोगिता, युवा संसद, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर प्रतियोगिता और विधिक प्रश्नोत्तरी जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को संवैधानिक अधिकारों, न्याय तक पहुँच और नागरिक उत्तरदायित्वों की जानकारी दी जाएगी।

अभियान का विशेष आकर्षण साइबर सुरक्षा और डिजिटल नागरिकता विषय रहेगा। युवाओं को ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया अपराध, एआई आधारित साइबर अपराध, डीपफेक तकनीक और डिजिटल निजता की सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी, ताकि वे डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग कर सकें।