रायपुर: भोपाल से रायपुर का सफर अब 14 से 15 घंटे से घटकर महज 6 से 7 घंटे रह जाएगा। मध्य प्रदेश सरकार ने जबलपुर-भोपाल ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे और जबलपुर-मंडला-छत्तीसगढ़ सीमा 6-लेन मार्ग परियोजना को हरी झंडी दे दी है। दोनों प्रोजेक्ट के लिए 15000 करोड़ रुपए का बजट पास किया गया है। यह ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे भोपाल, सागर, दमोह, जबलपुर, मंडला से होते हुए छत्तीसगढ़ सीमा तक जाएगा. जिससे भोपाल और रायपुर के बीच कनेक्टिविटी और मजबूत हो जाएगी. यह पूरा इंटर-स्टेट कॉरिडोर मध्य भारत की सबसे बड़ी लाइफलाइन बनने जा रहा है।
एनडीटीवी के अनुसार जबलपुर-मंडला-रायपुर के बीच हाईवे को अब अपग्रेड किया जाएगा। मध्य प्रदेश सरकार ने जबलपुर से छत्तीसगढ़ सीमा चिल्पी घाट से होते हुए रायपुर तक जाने वाले इस हाईवे को 6-लेन एक्सप्रेसवे में बदला जाएगा। 2500 करोड़ की लागत से इसे अपग्रेड किया जाएगा. यह मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ को आपस में जोड़ने वाला सबसे मुख्य व्यापारिक रूट है। यह प्रोजेक्ट भोपाल-जबलपुर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का ही हिस्सा है, जिसे आगे तक विस्तार करने का प्रोजेक्ट मध्य प्रदेश सरकार ने पास कर दिया है।इस एक्सप्रेसवे पर गाड़ियों की रफ्तार 120 किलोमीटर प्रतिघंटे तक रहेगी. जिससे समय की बचत होगी।