कटघोरा में भगवान शिव और राम पर अभद्र टिप्पणी का मामला, युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज

Posted on: 2026-08-12


hamabani image

कोरबा/कटघोरा, 12 अगस्त। कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर भगवान शिव, भगवान राम और सनातन धर्म से जुड़ी कथित आपत्तिजनक एवं अमर्यादित टिप्पणी किए जाने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर स्थानीय लोगों और भाजपा नेताओं में आक्रोश देखने को मिला। शिकायत के बाद कटघोरा पुलिस ने युवक नितेश मिरी उर्फ मिंटू मिरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, सावन पर्व के दौरान मांस सेवन को लेकर एक वीडियो आरोपित के सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया था। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि वीडियो के साथ की गई टिप्पणी में भगवान शिव, भगवान राम तथा सनातन देवी-देवताओं को लेकर अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया गया। पोस्ट सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई।

मामले को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीना शर्मा, जिला उपाध्यक्ष मनोज डिकसेना सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक कटघोरा थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत सौंपते हुए सोशल मीडिया पोस्ट पर आपत्ति जताई और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

शिकायतकर्ताओं ने कहा कि सावन का महीना श्रद्धालुओं के लिए विशेष धार्मिक महत्व रखता है। ऐसे समय में भगवान शिव और सनातन धर्म से जुड़े देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

शिकायत प्राप्त होने के बाद कटघोरा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपित नितेश मिरी उर्फ मिंटू मिरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 के तहत एफआईआर दर्ज की। पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पोस्ट और उससे जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।