उत्तराखंड: जंगलचट्टी में बोल्डर गिरने से बाधित केदारनाथ पैदल मार्ग आंशिक रूप से बहाल

Posted on: 2026-07-18


hamabani image

उत्तराखंड में केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पर जंगलचट्टी क्षेत्र में पोल संख्या 98-99 के बीच बोल्डर और पत्थर गिरने से बाधित हुआ मार्ग शनिवार को आंशिक रूप से बहाल कर दिया गया है। प्रशासन ने पैदल यात्रियों की आवाजाही फिर से शुरू करा दी है, जबकि घोड़ा, डंडी और कंडी सेवाएं अभी भी प्रभावित हैं।

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (डीईओसी) के अनुसार, 17 जुलाई को बोल्डर और पत्थर गिरने से मार्ग अवरुद्ध हो गया था, जिसके कारण घोड़ा, डंडी और कंडी का संचालन अस्थायी रूप से रोकना पड़ा।

प्रशासन ने बताया कि घटनास्थल पर एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल), पुलिस चौकी जंगलचट्टी और एमटीएफ भीमबली की टीमें तैनात हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। लोक निर्माण विभाग गुप्तकाशी के निर्माण खंड द्वारा मार्ग को पूरी तरह सुचारु करने के लिए 14 श्रमिकों को लगाया गया है। मलबा हटाने और मार्ग के पुनर्स्थापन का कार्य तेजी से जारी है। प्रशासन ने कहा कि स्थिति सामान्य करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

रुद्रप्रयाग पुलिस ने सोशल मीडिया एक्स पर बताया कि श्री केदारनाथ धाम पैदल मार्ग में चीरवासा (जंगलचट्टी) के समीप क्षतिग्रस्त हुए पैदल मार्ग को सम्बन्धित कार्यदाई संस्था लोक निर्माण विभाग द्वारा दुरस्त किया जा रहा है। इस स्थल पर सुरक्षाबलों की उपस्थिति में आवागमन कर रहे यात्रियों को मार्ग पार कराया जा रहा है।

लगातार बारिश के कारण केदारनाथ पैदल मार्ग पर शुक्रवार को पहाड़ी से बड़े-बड़े बोल्डर और मलबा गिरने के कारण यात्रा मार्ग अवरुद्ध हो गया था।