बलरामपुर, 03 जुलाई । बलरामपुर जिले के कुसमी थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह पशु तस्करी का एक गंभीर मामला सामने आया। ग्राम रेहड़ा-कोदवा में एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन से पांच बैलों को बेहद क्रूरतापूर्वक पैसेंजर सीट के भीतर ठूंसकर ले जाया जा रहा था। वाहन खराब होने पर तस्कर उसे मौके पर छोड़कर फरार हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहन जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार बलरामपुर जिले के कुसमी थाना अंतर्गत ग्राम रेहड़ा-कोदवा में शुक्रवार सुबह करीब छह बजे पशु तस्करी का एक मामला सामने आया। गांव के पास काफी देर से एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन खड़ा था। जब ग्रामीणों को संदेह हुआ तो उन्होंने वाहन के भीतर झांककर देखा। अंदर का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए।
स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक जेएच 01 क्यू 7595 के पैसेंजर हिस्से में पांच बैलों को बेहद क्रूरतापूर्वक ठूंसकर रखा गया था। आशंका है कि इन्हें अवैध रूप से तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान वाहन खराब हो गया, जिसके बाद उसमें सवार सभी तस्कर मौके से फरार हो गए।
ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना कुसमी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्कॉर्पियो वाहन को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जुट गए।
कुसमी थाना प्रभारी एसआई रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पशु तस्करी का प्रतीत होता है। वाहन खराब होने के कारण आरोपित स्कॉर्पियो छोड़कर फरार हो गए। पुलिस वाहन को जब्त कर मामले की जांच कर रही है तथा फरार आरोपितों की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।