रायपुर 01 जुलाई। छत्तीसगढ़ शासन ने श्रम विभाग में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 11 अधिकारियों के तबादले एवं नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं।
मंगलवार 30 जून की देर रात जारी आदेश के तहत श्रम पदाधिकारी, सहायक श्रम पदाधिकारी और अन्य अधिकारियों को विभिन्न जिलों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
तबादला सूची के अनुसार नितेश विश्वकर्मा को सहायक श्रमायुक्त कार्यालय कोरबा, अभिषेक ठाकुर को अंबिकापुर, एलेन मिंज को बलरामपुर, शोएब काजी को कोंडागांव, ओम व्यास नेताम को बालोद, समीर मिश्रा को राजनांदगांव, आजाद सिंह पात्रे को जांजगीर-चांपा तथा भूपेंद्र सिंह चंद्रवंशी को कबीरधाम में नई जिम्मेदारी दी गई है।
इसी तरह पायल शर्मा को श्रमायुक्त कार्यालय नवा रायपुर से दुर्ग, जी.के. पाण्डेय को बेमेतरा तथा युगल किशोर शर्मा को कर्मचारी राज्य बीमा औषधालय बिलासपुर से तमनार (रायगढ़) स्थानांतरित किया गया है। विभाग ने अतिरिक्त प्रभार में भी बदलाव करते हुए विकास सरोदे को पदोन्नति के बाद श्रमायुक्त कार्यालय नवा रायपुर में पदस्थ किया है। राजाराम पाल को बीजापुर जिले का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है, जबकि उज्वला भाई को अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर ज्योति शर्मा को मुंगेली जिले का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
शासन ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। माना जा रहा है कि इस प्रशासनिक फेरबदल से श्रमिक कल्याण योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, श्रम कानूनों के प्रभावी पालन और विभागीय कार्यों में तेजी आएगी।