प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संयुक्त अरब अमीरात- यूएई और यूरोप के छह दिन के दौरे के पहले चरण में आज अबू धाबी पहुंचे। हवाई अड्डे पर यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने उनका स्वागत किया। प्रधानमंत्री के स्वागत में औपचारिक स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। यूएई के एफ-16 लड़ाकू विमानों ने उनके विमान को अमीरात हवाई क्षेत्र में प्रवेश कराते हुए सुरक्षा प्रदान की।
प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद से मुलाकात की। बैठक में ऊर्जा सहयोग और द्विपक्षीय व्यापार प्रमुख मुद्दे रहे। ये वार्ता पश्चिम एशिया संघर्ष से जुड़ी वैश्विक आपूर्ति बाधाओं के बीच हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने यूएई पर हाल ही में हुए हमलों की कड़ी निंदा करते हुए उन्हें पूरी तरह अस्वीकार्य बताया। राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद को भाई कहकर संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री ने चुनौतीपूर्ण समय में यूएई नेतृत्व द्वारा दिखाए गए लचीलेपन की प्रशंसा की। श्री मोदी ने अमीरात के लिए भारत के समर्थन की पुष्टि की और कहा कि वैश्विक संघर्ष के वर्तमान दौर में संवाद और कूटनीति ही आगे बढ़ने का एकमात्र रास्ता है।