प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि इस वर्ष भारत की अध्यक्षता में, ब्रिक्स बहुपक्षवाद को मजबूत करने, सतत विकास को बढ़ावा देने, आर्थिक लचीलेपन को बढ़ाने और अधिक समावेशी विश्व व्यवस्था के निर्माण के लिए मिलकर काम करेगा।
नई दिल्ली में श्री मोदी से मुलाकात करने आए ब्रिक्स देशों के विदेश मंत्रियों और प्रतिनिधिमंडल के प्रमुखों के साथ बातचीत करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि ब्रिक्स उभरती अर्थव्यवस्थाओं के बीच सहयोग को आगे बढ़ाने और वैश्विक दक्षिण की आकांक्षाओं को आवाज देने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में उभरा है।
ये बैठकें नई दिल्ली में चल रही ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान हुईं।
इससे पहले, ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक में अपने उद्घाटन भाषण में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा कि शांति और सुरक्षा वैश्विक व्यवस्था के केंद्र में हैं। उन्होंने कहा कि हाल के संघर्षों ने संवाद और कूटनीति के महत्व को और भी रेखांकित किया है।
इस बैठक में ब्राजील के विदेश मंत्री माउरो विएरा, रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव और ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची सहित अन्य लोग भाग ले रहे हैं।
इस कार्यक्रम का विषय है लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण।