हिंद महासागर संवाद (आईओडी-10) कल नई दिल्ली में संपन्न हो गया। दो दिन के इस आयोजन का विषय था- परिवर्तनशील विश्व में हिंद महासागर क्षेत्र। विदेश मंत्रालय ने एक वक्तव्य में कहा कि संवाद में इंडियन ओशन रिम एसोसिएशन (आई.ओ.आर.ए.) सदस्य देशों के वरिष्ठ अधिकारियों, नीति निर्माताओं, विद्वानों और विशेषज्ञों ने हिंद महासागर क्षेत्र में महत्वपूर्ण क्षेत्रीय घटनाक्रमों और उभरती चुनौतियों पर विचार-विमर्श करने के लिए भाग लिया। विदेश मंत्रालय ने भारतीय विश्व मामलों की परिषद और हिंद महासागर रिम एसोसिएशन सचिवालय के सहयोग से इस संवाद का आयोजन किया।
पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सरबानंदा सोनोवाल, मॉरीशस के क्षेत्रीय एकीकरण और अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मंत्री धनंजय रामफुल और यमन के राज्य मंत्री वलीद मोहम्मद अल कादिमी ने संवाद में विचार व्यक्त किए। इस दौरान बदलते भू-राजनीतिक और आर्थिक परिदृश्य के बीच हिंद महासागर क्षेत्र में बेहतर सहयोग, सामूहिक सुरक्षा और सतत विकास के महत्व पर जोर दिया गया। मंत्रालय ने कहा कि संवाद में भारत की विजन ‘महासागर’ और पड़ोसी प्रथम नीति के अंतर्गत एक शांतिपूर्ण, स्थिर और समृद्ध हिंद महासागर क्षेत्र की प्रतिबद्धता दोहराई गई।