जगदलपुर, 25 मार्च । मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा अपने बस्तर प्रवास पर बुधवार काे जगदलपुर आगमन पर जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक जगदलपुर किरण देव, विधायक विनायक गोयल, ब्रेवरेज कार्पोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास मद्दी, पद्म पंडीराम मंडावी सहित अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधियों के साथ ही कमिश्नर बस्तर संभाग डोमन सिंह, आईजी बस्तर रेंज सुंदरराज पी.,कलेक्टर आकाश छिकारा,एसपी शलभ कुमार सिन्हा और अन्य अधिकारियों द्वारा स्वागत किया गया। उप मुख्यमंत्री के साथ डीजीपी अरुणदेव गौतम, एडीजी नक्सल ऑपरेशन विवेकानंद सिन्हा भी पहुंचे ।
छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री और डिप्टी सीएम विजय शर्मा आज जगदलपुर रवाना होने से पहले उन्होंने नक्सल मोर्चे पर राज्य की बड़ी उपलब्धियों और आने वाले दिनों की रणनीति पर स्पष्ट बयान दिया। उन्होंने कहा कि, छत्तीसगढ़ अब नक्सलवाद की समाप्ति के बिल्कुल अंतिम चरण में है और 31 मार्च तक इसका पूर्ण सफाया हो जाएगा। लेकिन 31 मार्च की रात कोई हैप्पी न्यू ईयर नहीं है और सुरक्षा में बिल्कुल ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
गृहमंत्री ने कहा कि राज्य में नक्सलवाद लगभग समाप्ति की स्थिति में पहुंच चुका है। अब मात्र 30-35 सक्रिय नक्सली बचे हैं, जिनका भी जल्द पुनर्वास सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति और सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई का नतीजा है। विजय शर्मा ने बताया कि, शीर्ष नक्सली नेता गणपति की लोकेशन की जानकारी वर्तमान में उपलब्ध नहीं है, जबकि मिशीर बेसरा अब भी सक्रिय है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियां इन दोनों पर कड़ी निगरानी बनाए हुए हैं। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि, 31 मार्च से राज्य नक्सल मुक्त होने की ओर बढ़ेगा, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि सावधानी कम हो जाएगी। 31 मार्च की रात कोई हैप्पी न्यू ईयर नहीं है, सुरक्षा में ढिलाई बिल्कुल नहीं बरती जाएगी।