वैभव सूर्यवंशी ने यूएई के खिलाफ ऐसी पारी खेली कि क्रिकेट की दुनिया हैरान रह गई. उन्होंने सिर्फ 53 गेंदों में 204 रन ठोक दिए. इस दौरान वैभव ने कई वर्ल्ड रिकॉर्ड भी अपने नाम किए. लेकिन क्या आपको पता है कि इस तूफानी पारी से ठीक एक दिन पहले वैभव ने अपने आदर्श युवराज सिंह से करीब आधे घंटे तक बात की थी. युवराज ने उन्हें बल्लेबाजी से जुड़ी कुछ खास बातें बताई थीं. अब वैभव ने खुद इसका खुलासा किया है.
यूएई के खिलाफ दोहरा शतक लगाने के बाद वैभव सूर्यवंशी ने बीसीसीआई के साथ बातचीत में बताया कि मैच से पहले उन्होंने चार लोगों से बात की थी. इनमें उनके पिता, बचपन के कोच मनीष ओझा, अंडर-19 क्रिकेट खेलने वाले दोस्त प्रथम जाचक और उनके आदर्श युवराज सिंह शामिल थे.
वैभव ने बताया कि वह अपनी बल्लेबाजी को लेकर थोड़ा परेशान थे. पिछले कुछ मैचों में उनके बल्ले से रन नहीं निकल रहे थे. ऐसे में उन्होंने युवराज सिंह से बात करने का फैसला किया. वैभव ने उन्हें बताया कि बल्लेबाजी करते समय उन्हें किन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. युवराज ने उनकी बात सुनी और करीब आधे घंटे तक बल्लेबाजी से जुड़ी कई जरूरी बातें समझाईं.
वैभव ने बताया कि युवराज सिंह ने उनसे कहा था कि अगर वह 20 गेंदें खेलेंगे तो उनका स्कोर कुछ और होगा. युवराज ने उन्हें बल्लेबाजी की तकनीक से जुड़ी कई बातें भी बताईं. वैभव के मुताबिक, उनकी सलाह से उन्हें काफी मदद मिली.
उन्होंने कहा, "मैंने युवराज सिंह सर से लगभग आधे घंटे बात की. उन्होंने मुझे बैटिंग के बारे में बहुत कुछ समझाया. मैं बहुत परेशान था, इसलिए मैंने उनसे खुलकर बात की और बताया कि सर, जब मैं विकेट पर बैटिंग करने जा रहा होता हूं तो मुझे ये-ये दिक्कतें हो रही हैं."
वैभव ने यह भी बताया कि युवराज उनके आदर्श हैं. ऐसे में उनसे मिली सलाह को उन्होंने ध्यान से सुना. बाद में उन्होंने अपने पुराने बल्लेबाजी वीडियो भी देखे. तब उन्हें समझ आया कि वह कहां गलती कर रहे थे.