सौरव दास को लंदन जाने से रोकने पर भड़के दीपके, बोले- CJP प्रोटेस्ट की सफलता से बौखलाई मोदी सरकार

Posted on: 2026-11-25


hamabani image

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP), जो हाल ही में चर्चा में है, के आंदोलन की बढ़ती लोकप्रियता से केंद्र सरकार घबरा गई है. इसी वजह से पार्टी के सह-संयोजक सौरव दास को जानबूझकर ब्रिटेन जाने से रोका गया. यह गंभीर आरोप कॉजपा के संस्थापक अभिजीत दीपके ने मंगलवार को लगाया. उन्होंने दावा किया कि सौरव दास को ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ब्रिटेन जाना था, जहां उन्हें कॉकरोच आंदोलन की सफलता पर अपनी बात रखनी थी.

दरअसल, सौरव दास ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट की एक शृंखला साझा कर आरोप लगाया था कि उन्हें ब्रिटेन जाने से रोक दिया गया. दास के मुताबिक, वह लंदन जाने वाली रात एक बजे की उड़ान पकड़ने के लिए दिल्ली हवाई अड्डे पहुंचे थे. इसी दौरान आव्रजन काउंटर पर उन्हें रोक लिया गया और विदेश यात्रा करने की अनुमति नहीं दी गई.

अभिजीत दीपके ने केंद्र सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि सौरव दास का पासपोर्ट वर्ष 2019 में जारी किया गया था. कॉजपा के गठन से पहले भी वह इसी पासपोर्ट पर दो बार विदेश यात्रा कर चुके हैं. उस समय सरकार को पासपोर्ट में कोई गड़बड़ी नजर नहीं आई, लेकिन अब जब सौरव दास एक प्रमुख कार्यकर्ता और लोकतांत्रिक चेहरा बन गए हैं, तो अचानक उसमें विसंगति मिलने लगी है

दीपके ने दावा किया कि सौरव दास को नोटिस सोमवार रात को ही तामील किया गया, जबकि उन्हें उसी रात दिल्ली हवाई अड्डे से ब्रिटेन के लिए रवाना होना था. उन्होंने सवाल उठाया कि नोटिस इतनी देर से क्यों भेजा गया, ताकि संबंधित व्यक्ति को जवाब देने का पर्याप्त समय ही न मिल सके. दीपके ने कहा कि आखिर सरकार को उनसे इतना डर क्यों है