लतीफ भट के बाद कश्मीर में स्थाई शांति की आहट, शाह की नीति का परिणाम

Posted on: 2026-11-24


hamabani image

कुलगाम में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी मोहम्मद लतीफ भट के मारे जाने के बाद कश्मीर में इस समय कोई सक्रिय स्थानीय आतंकवादी अब नहीं बचा है. यह देश के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है. आतंकवाद का दंश कश्मीर 35 वर्षों से झेल रहा है, लेकिन अब कह सकते हैं कि वहाँ अब शांति का एक अहसास स्थानीय लोग महसूस कर रहे हैं. लगभग चार दशक बाद यह बात सुकून देने वाली है कि इस समय कोई अपना कश्मीरी बच्चा देश के खिलाफ जेहाद के रास्ते पर नहीं है.

इसके लिए मोदी सरकार, खास कर गृह मंत्री अमित शाह को शाबाशी मिलनी चाहिए, जिन्होंने योजनाबद्ध तरीके से आतंकवाद की जड़ों पर प्रहार किया और देश के खिलाफ जेहाद करने वालों को “जहां भी हों खत्म करों” की नीति को मजबूती से लागू किया. आतंकवाद के खिलाफ आम कश्मीरियों में भी वितृष्णा देखी जा रही है, खासकर युवाओं में देश के साथ कंधे से कंधे मिलाकर चलने की नई प्रवृति जन्म ले चुकी है. मोदी सरकार भी उन्हें भरपूर प्रोत्साहन दे रही है. अकेले 2026 में पूरे कश्मीर से 500 से अधिक युवाओं ने अग्नि वीर के रूप में भारतीय सेना में भर्ती ली है. यह बदलते कश्मीर की एक झलक है.

हाल ही में एनआईए द्वारा आयोजित एक आतंकवाद-रोधी सम्मेलन में गृहमंत्री ने कहा भी कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में स्थायी सफलता के लिए बहुत जरूरी है कि केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय हो, खुफिया जानकारी साझा हो और स्पष्ट जवाबदेही भी हो. वास्तव में कश्मीर घाटी से लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी लतीफ भट का खात्मा इसी समन्वय का परिणाम है, जो कि एक बहुत बड़ी उपलब्धि है. 35 वर्षों में पहली बार कश्मीर में कोई भारतीय सक्रिय आतंकवादी नहीं है. भारत की यह धरती लोकल आतंकवादी जैसे दोषपूर्ण नाम से मुक्त हो गई है. बकौल गृह मंत्री इस समय देश भर से 40 से अधिक आतंकवादी मॉड्यूल्स को निष्क्रिय किया जा चुका है.

हालांकि कश्मीर में शांति पाकिस्तान के लिए बिजली के झटके से कम नहीं है. क्योंकि वह लगातार घाटी में आतंकवादी हिंसा को बढ़ावा देकर उसे अंतर्राष्ट्रीय मंच पर स्थानीय आंदोलन के रूप में पेश करता रहा है. लेकिन मोदी सरकार की सतर्कता और लोगों के हितों से जुड़ी योजनाओं ने स्थानीय युवकों में आंतक के प्रति आकर्षण को लगभग खत्म सा कर दिया है. आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में यह स्थिति किसी वरदान से कम नहीं है. गृह मंत्री अब आतंकवाद के पूरे इकोसिस्टम को खत्म करने के लिए काम कर रहे हैं.

मोदी सरकार ने न सिर्फ कट्टरपंथी इस्लामी आतंकवाद पर लगाम लगाने में सफलता प्राप्त की है, बल्कि इसके पहले वामपंथी उग्रवाद को भी समाप्त करने की उपलब्धि हासिल की है. यही नहीं मोदी सरकार के कार्यकाल में सुरक्षा बलों की जान पर आसन्न खतरे भी अब बहुत कम हो गए हैं. अब कोई भी आकड़े देख कर संतुष्ट हो सकता है कि 2016 के बाद आतंकवादी अब देश के भीतरी इलाकों में कोई बड़ा हमला करने में सफल नहीं हुए है.

कारण साफ है कि अब पहले के मुकाबले हमारी खुफिया एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और किसी संभावित हमले से पहले ही नापाक तत्वों को पकड़ ले रही हैं. सक्रिय आतंकी समूहों के अधिकतर गुर्गे या तो मारे गए हैं या गिरफ्तार कर लिए गए हैं. अब पाकिस्तान प्रशिक्षित आतंकवादी पी ओ के, से आसानी से घुसपैठ नहीं कर पाते. मोदी सरकार ने जो सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर के जरिए आतंकवादियों पर प्रहार किये उसे पाकिस्तान में बैठे उनके आका वर्षों याद रखेंगे.

मोदी सरकार ने आतंकवाद पर पूरी तरह नकेल डालने के लिए पिछले 12 सालों में बड़े पैमाने पर कानूनी बदलाव किये हैं. खासकर गृह मंत्री का एक ही मकसद रहा कि आतंकवाद के प्रति ज़ीरो-टॉलरेंस रखेंगे और उसी अप्रोच से काम करेंगे. मज़बूत कानूनी फ्रेमवर्क, इंस्टीट्यूशनल सुधार और इंटेलिजेंस इंटीग्रेशन का काम पूरे सिद्दत से किया गया. सेंट्रल और स्टेट एजेंसियों के बीच इंटर-एजेंसी कोऑर्डिनेशन पर सबसे अधिक जोर दिया गया.

क्रॉस-बॉर्डर आतंकवाद की कमर तोड़ने के लिए सीमा पर बाड़ लगाने के साथ साथ 24 घंटे कड़ी निगरानी रखी गई. टेरर फाइनेंसिंग नेटवर्क को खत्म करने के लिए अलग से नेटवर्क बनाए गए, जिसमें विदेशी एजेंसियों के साथ तालमेल कर सोर्स पर प्रहार किया गया. राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए ) को आतंकी फंडिंग रोकने की विशेष जिम्मेदारी दी गई.

मालूम हो कि 'राष्ट्रीय जांच एजेंसी अधिनियम, 2008 मुंबई हमले के बाद लागू किया गया था. तभी से एनआईए भारत की संप्रभुता, सुरक्षा और अखंडता के प्रति खतरा बन रहे संगठित अपराधियों के खिलाफ काम कर रही है. पहले इसकी जांच का दायरा बहुत सीमित रखा गया था, लेकिन 2019 में गृह मंत्रालय की ओर से एनआईए संशोधन विधेयक लाया गया, जिसे दोनों सदनों की मंजूरी भी मिली. उसके बाद एनआईए के दायरे में कई तरह के नए अपराधों की जांच को शामिल कर दिया गया.