कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक सौरव दास ने आरोप लगाया है कि उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पर लंदन जाने से रोक दिया गया. वह ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में 'कॉकरोच मूवमेंट' पर आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने जा रहे थे. दास के मुताबिक, इमिग्रेशन काउंटर पर उन्हें पता चला कि उनका पासपोर्ट फ्लैग किया गया है. उन्होंने इस घटना के लिए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहराया है. हालांकि, इस मामले में सरकार या संबंधित अधिकारियों का पक्ष सामने नहीं आया है
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, सौरव दास सोमवार को रात करीब 1 बजे की फ्लाइट से लंदन जाने वाले थे. दिल्ली एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन जांच के दौरान उन्हें बताया गया कि उनका पासपोर्ट फ्लैग है. इसके बाद वह अपनी यात्रा नहीं कर सके. दास ने दावा किया कि ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन ने उन्हें एक पैनल चर्चा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया था.
सौरव दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि सरकार ने उन्हें लंदन जाने से रोका. उन्होंने दावा किया कि ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज, लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (LSE) और एडिनबर्ग के प्रतिष्ठित संस्थानों में उन्हें 'कॉकरोच मूवमेंट' पर बातचीत के लिए आमंत्रित किया गया था.
दास ने कहा कि भारतीय छात्रों ने इन कार्यक्रमों के आयोजन के लिए काफी मेहनत की थी. उन्होंने सरकार पर बौद्धिक चर्चा से डरने का आरोप लगाते हुए सवाल किया कि शिक्षित युवाओं को दूसरे शिक्षित लोगों के बीच जाकर विचार रखने से क्यों रोका जा रहा है.
दास ने अपनी पोस्ट में कारोबारी नीरव मोदी और विजय माल्या का भी जिक्र किया. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि काश उन्होंने बैंकों से हजारों करोड़ रुपये लिए होते. उनका इशारा उन कारोबारियों की ओर था, जो भारत से बाहर चले गए हैं. दास ने सरकार पर निशाना साधते हुए यह भी कहा कि वह मंत्रिमंडल का विस्तार तक नहीं कर पा रही है, क्योंकि मंत्री इस्तीफा देने से इनकार कर रहे हैं.