नई दिल्ली, 18 नवंबर विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा है कि मुक्त, खुले और नियम आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के निर्माण में भारत और जापान की साझेदारी अपरिहार्य है। दोनों देश प्रमुख एशियाई लोकतंत्र और समुद्री राष्ट्र होने के नाते इस क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
जयशंकर ने नई दिल्ली में आयोजित नौवें भारत-जापान हिंद-प्रशांत मंच को वीडियो संदेश के माध्यम से संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत बनाने में दिल्ली पॉलिसी ग्रुप और जापान इंस्टीट्यूट ऑफ इंटरनेशनल अफेयर्स के प्रयासों की सराहना की।
विदेश मंत्री ने कहा कि भारत और जापान के बीच विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक साझेदारी विश्वास, सद्भावना और साझा रणनीतिक दृष्टिकोण पर आधारित है। यह साझेदारी न केवल दोनों देशों बल्कि पूरी दुनिया में शांति, स्थिरता और आर्थिक समृद्धि में योगदान दे रही है।
उन्होंने हिंद-प्रशांत महासागर पहल (आईपीओआई) और विजन महासागर के तहत दोनों देशों के सहयोग का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत और जापान मुक्त, खुले और नियम आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं।
जयशंकर ने दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग की संभावनाओं पर कहा कि जापान की विनिर्माण विशेषज्ञता और उन्नत प्रौद्योगिकी का भारत की उद्यमशीलता, व्यापक बाजार और प्रतिभा के साथ अच्छा तालमेल है। जापान भारत में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश का महत्वपूर्ण भागीदार है और भारत की स्थिर आर्थिक वृद्धि जापानी कंपनियों को 'मेक इन इंडिया' और 'मेक फॉर द वर्ल्ड' के अवसर प्रदान करती है।
उन्होंने कहा कि मौजूदा भू-राजनीतिक परिस्थितियों में वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत और लचीला बनाना तथा बुनियादी ढांचे से जुड़ी चुनौतियों का समाधान करना दोनों देशों की साझा प्राथमिकता है। उन्होंने भारत यात्रा के दौरान जापान की प्रधानमंत्री ताकाइची साने के साथ हुई चर्चाओं का भी उल्लेख किया।
विदेश मंत्री ने बताया कि वर्ष 2027 भारत और जापान के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने का अवसर होगा। इस वर्ष को ‘भारत-जापान साझा क्षितिज वर्ष’ के रूप में मनाया जाएगा और इससे जुड़े आयोजनों में युवाओं को केंद्र में रखा जाएगा। अगले वर्ष हिंद-प्रशांत क्षेत्र की रणनीतिक अवधारणा को आगे बढ़ाने वाले जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की परिकल्पना के 20 वर्ष भी पूरे होंगे।
उल्लेखनीय है कि नौवें भारत-जापान हिंद-प्रशांत मंच का आयोजन दिल्ली पॉलिसी ग्रुप और जापान इंस्टीट्यूट ऑफ इंटरनेशनल अफेयर्स ने संयुक्त रूप से किया। इसमें दोनों देशों के सरकारी अधिकारियों, राजनयिकों और रणनीतिक मामलों के विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया।