चक्रवाती तूफान 'अकवान' के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में 20-21 नवंबर काे बारिश की संभावना

Posted on: 2026-11-18


hamabani image

रायपुर 18 नवंबर   छत्तीसगढ़ में ठंड के बीच एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान 'अकवान' के प्रभाव से प्रदेश के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने इस दौरान तेज हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार, आज बुधवार 18 से 23 नवंबर के बीच छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। वहीं, 20 और 21 नवंबर को प्रदेश के कई इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान बादल गरजने-चमकने के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने के आसार हैं। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रहने तथा झोंकों के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है। पिछले 24 घंटों के दौरान दुर्ग में सबसे अधिक 31.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं, अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 13.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम में बदलाव के साथ आने वाले दिनों में प्रदेश के तापमान और ठंड पर भी असर पड़ सकता है।

दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्य भाग और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना चक्रवाती तूफान 'अकवान' पिछले छह घंटों के दौरान 3 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा है। 19 नवंबर की सुबह तक चक्रवाती तूफान का रूप लेने का अनुमान है। इसके बाद तूफान के उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 20 नवंबर 2026 की दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश और यनम के तट पर नेल्लोर और विशाखापत्तनम के बीच टकराने की आशंका जताई गई है। चक्रवाती तूफान के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में भी मौसम में व्यापक बदलाव देखने को मिल सकता है। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के लोगों को बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक का सामना करना पड़ सकता है।