मंत्री रजवाड़े ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं को सम्मानित किया

Posted on: 2026-11-14


hamabani image

रायपुर   महिला-बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर ‘पोषित बचपन, समृद्ध छत्तीसगढ़’ के लक्ष्य को साकार करने में आंगनबाड़ी कर्मियों के योगदान की सराहना की गई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने बाल विवाह रोकने की शपथ भी ली।

मंत्री राजवाड़े ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं गर्भवती माताओं की देखभाल से लेकर बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण और प्रारंभिक शिक्षा तक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाती हैं। वे गांव-गांव और घर-घर तक शासन की योजनाएं पहुंचाने में अहम भूमिका निभाती हैं। दूरस्थ गांवों और कठिन परिस्थितियों में भी उनके सेवाभाव तथा समर्पण से बच्चों और माताओं को जरूरी सेवाएं मिलती हैं।

उन्होंने कहा कि बच्चों का सुरक्षित, स्वस्थ और खुशहाल भविष्य बनाना सामूहिक जिम्मेदारी है। राज्य सरकार मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में महिलाओं, बच्चों और पोषण के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है। महतारी वंदन योजना, कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान और ‘हर घर मुनगा’ जैसी पहलों के माध्यम से सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है। हमारा संकल्प है कि कोई भी बच्चा कुपोषण का शिकार न हो और हर गर्भवती माता को उचित पोषण एवं स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें।मंत्री ने सम्मानित कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को बधाई देते हुए कहा कि यह समारोह उनके परिश्रम, त्याग और सेवाभाव के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने सभी से बच्चों और माताओं के बेहतर भविष्य के लिए इसी ऊर्जा और समर्पण के साथ कार्य करते रहने का आग्रह किया।