रायपुर, 12 नवंबर 'प्रगतिशील कवि और आलोचक गजानन माधव 'मुक्तिबोध' की स्मृति को समर्पित 'मुक्तिबोध राष्ट्रीय नाट्य समारोह' का भव्य आयोजन 13 नवंबर से होने जा रहा है। पांच दिवसीय ‘मुक्तिबोध राष्ट्रीय नाट्य समारोह-2026’ का आयोजन 17 नवंबर तक रायपुर के रंगमंदिर में किया जाएगा
पांच दिनों तक चलने वाले इस प्रतिष्ठित नाट्य उत्सव में देश भर के छह चर्चित और बेहतरीन नाटकों का मंचन किया जाएगा, जो दर्शकों को जीवन, समाज और कला के अनछुए पहलुओं से रूबरू कराएंगे।
छत्तीसगढ़ फिल्म एंड विजुअल आर्ट सोसाइटी की ओर से आयोजित इस समारोह में देश के अलग-अलग शहरों के रंगमंच समूह छह चर्चित नाटकों का मंचन करेंगे। नाटकों के साथ रंगसंगीत की प्रस्तुतियां भी होंगी।यह समारोह केवल नाटकों के मंचन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह कला प्रेमियों, साहित्यकारों और विचारकों के बीच संवाद का भी एक बड़ा मंच बनेगा। नाटकों के प्रदर्शन के साथ-साथ कला और साहित्य पर केंद्रित परिचर्चाएं भी इस आयोजन के आकर्षण को और बढ़ाएंगी।
समारोह में सुप्रसिद्ध फिल्म अभिनेता, रंगकर्मी, गीतकार एवं संगीतकार पीयूष मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, फिल्म निर्देशक, अभिनेता और वरिष्ठ रंगकर्मी राजेन्द्र गुप्ता समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
समारोह के पहले दिन 13 नवंबर, शुक्रवार को दो नाटकों की प्रस्तुतियां होंगी। बिलासपुर के अजन नाट्य दल की ओर से सुनील चिपड़े के निर्देशन में ‘अंधेरे में’ का मंचन किया जाएगा। इसी दिन अभिनेता एवं रंगकर्मी राजेन्द्र गुप्ता की प्रस्तुति ‘संसद से सड़क तक’ भी होगी। इसका निर्देशन आर.एस. विकल ने किया है।
14 नवंबर, शनिवार को राजनांदगांव के रंग छत्तीसगढ़ समूह की ओर से पूनम तिवारी एवं साथियों की रंगसंगीत प्रस्तुति होगी। इसके बाद जबलपुर के विवेचना रंगमंडल का नाटक ‘पर पाजेब न भीगो’ मंचित किया जाएगा। इसका निर्देशन प्रगति विवेक पांडे ने किया है।
15 नवंबर, रविवार को इलाहाबाद के समानांतर नाट्य समूह की प्रस्तुति ‘युद्ध नहीं, चाहिए शांति’ का मंचन होगा। नाटक की परिकल्पना और निर्देशन अनिल रंजन भौमिक ने किया है।
16 नवंबर, सोमवार को उज्जैन के अभिनव रंगमंडल की ओर से ‘एक इंस्पेक्टर से मुलाकात’ नाटक प्रस्तुत किया जाएगा। इसका निर्देशन शरद शर्मा ने किया है।
समारोह के अंतिम दिन 17 नवंबर, मंगलवार को मध्यप्रदेश नाट्य विद्यालय, भोपाल की रंग प्रयोगशाला की प्रस्तुति ‘गुड़िया की शादी’ का मंचन होगा। इसका निर्देशन संजय श्रीवास्तव ने किया है।
आयोजकों के अनुसार, इस पांच दिवसीय नाट्य समारोह का मुख्य उद्देश्य आधुनिक दौर में भी रंगकर्म की सजीव परंपरा को जीवित रखना और नई पीढ़ी को गंभीर व सरोकारी नाटकों से जोड़ना है। मंच पर उतरने वाले छह नाटक समकालीन सामाजिक मुद्दों, मानवीय संवेदनाओं, और गहरी दार्शनिक सोच को बड़े ही प्रभावी ढंग से मंच पर उकेरेंगे।
समारोह में प्रवेश के लिए पांचों दिनों का सीजन पास 200 रुपये और प्रतिदिन का प्रवेश पास 50 रुपये की सहयोग राशि पर उपलब्ध रहेगा। प्रवेश पास रंगमंदिर में नाटक शुरू होने से पहले प्राप्त किए जा सकते हैं।