इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने 2035 तक होने वाले प्रमुख पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंटों के आयोजन की समय-सीमा को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही भारत में होने वाली 2029 चैंपियंस ट्रॉफी और भारत-बांग्लादेश की संयुक्त मेजबानी में आयोजित होने वाले 2031 वनडे वर्ल्ड कप की तारीखें भी तय हो गई हैं।
ICC के कार्यक्रम के अनुसार, 2029 चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन भारत में 9 से 28 अक्टूबर तक किया जाएगा। वहीं, 2031 का वनडे वर्ल्ड कप 9 अक्टूबर से 23 नवंबर तक चलेगा। इस टूर्नामेंट की मेजबानी भारत और बांग्लादेश संयुक्त रूप से करेंगे।
ICC ने 2031 के बाद होने वाले प्रमुख टूर्नामेंटों की समय-सीमा भी घोषित की है। हालांकि, इनमें से कई प्रतियोगिताओं के मेजबान देशों के नाम अभी तय नहीं किए गए हैं। जारी कार्यक्रम में 2028 के टी-20 वर्ल्ड कप से लेकर 2035 के वनडे वर्ल्ड कप तक के बड़े टूर्नामेंट शामिल हैं।
कार्यक्रम के मुताबिक, 2028 का टी-20 वर्ल्ड कप 12 अक्टूबर से 12 नवंबर तक ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में खेला जाएगा। इसके बाद 2030 में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप की मेजबानी इंग्लैंड, स्कॉटलैंड और आयरलैंड संयुक्त रूप से करेंगे। वहीं, 2032 और 2034 के टी-20 वर्ल्ड कप के आयोजन स्थल की घोषणा अभी नहीं की गई है।
इसके अलावा, वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल का आयोजन भी 2035 तक हर दो साल में जून महीने में जारी रहेगा। इंग्लैंड को 2029 और 2031 के WTC फाइनल की मेजबानी सौंपी गई है, जबकि 2033 और 2035 के फाइनल के मेजबान देशों पर फैसला होना बाकी है।