हरी मटर के इन अद्भुद फायदों को जानकर रोज खाएंगे, आपकी सोच से कहीं ज्यादा फायदेमंद हैं ये छोटे दाने

Posted on: 2026-11-14


hamabani image

सर्दियों के साथ ही ताजा हरी मटर का सीजन शुरू हो जाता है। मटर से एक से एक खास डिश तैयार की जा सकती है। मटर आलू की तरह है आप इसे किसी भी सब्जी में डाल सकते हैं। आलू मटर, आलू गाजर मटर, मटर का निमोना, मटर के पराठे और मटर पनीर जैसी रेसिपी तैयार की जाती हैं। मटर को प्रोटीन का बेहतरीन सोर्स माना जाता है। लेकिन इसके फायदे इससे कहीं ज्यादा हैं। डॉक्टर सौरभ सेठी ( प्रसिद्ध भारतीय मूल के अमेरिकी गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट) ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो में मटर के फायदों के बारे में बताया है। 

हरी मटर खाने के फायदे

फाइबर से भरपूर- एक कप पकी हुई हरी मटर में लगभग 9 ग्राम फाइबर पाया जाता है। इससे डेली की फाइबर की जरूरतों का करीब 31% मिल जाता है। मटर में घुलनशील और अघुलनशील, दोनों तरह के फाइबर होते हैं, जो पाचन को नियमित रखने और गट हेल्थ को बेहतर बनाने में मदद करते हैं।

आयरन का एक बेहतरीन सोर्स- सिर्फ 100 ग्राम पकी हुई हरी मटर में करीब 1.5 मिलीग्राम आयरन होता है। अच्छी बात ये है कि मटर में विटामिन C भी पाया जाता है जो आपके शरीर को पौधों से मिलने वाले आयरन को सोखने में मदद करता है।

गट माइक्रोबायोम को पोषण दें- हरी मटर में फाइबर और फर्मेंट होने वाले कार्बोहाइड्रेट होते हैं, जो आंतों के लिए फायदेमंद बैक्टीरिया को पोषण देते हैं। फर्मेंटेशन से शॉर्ट-चेन फैटी एसिड बनते हैं, जो आंतों के स्वस्थ वातावरण को बनाए रखने में मदद करते हैं।

हरी मटर को कैसे बनाएं हेल्दी

नींबू मिलाकर खाएं- हरी मटर के साथ थोड़ा नींबू का रस निचोड़ लें। इससे विटामिन C मिलेगा जो पौधों से मिलने वाले आयरन को शरीर में बेहतर तरीके से सोखने में मदद करता है।

सही तरीके से पकाएं- मटर को ज़्यादा देर तक उबालने के बजाय, उन्हें स्टीम करें या माइक्रोवेव में पकाएं, ताकि उनके विटामिन सुरक्षित रहें।