Posted on:
काठमांडू, 23 अक्टूबर । वित्त मंत्री डॉ. स्वर्णिम वाग्ले ने नेपाल में हाल में आई प्राकृतिक आपदाओं के दौरान भारत की ओर से दी गई सहायता के लिए आभार जताया है। भारत की राजधानी नई दिल्ली में वर्ल्ड समिट-2026 में भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के साथ नेपाल-भारत संबंधों और क्षेत्रीय हितों से जुड़े मुद्दों पर सीधा संवाद किया। ‘अ वर्ल्ड बिटवीन ऑर्डर्स’ सम्मेलन में उन्होंने जलवायु परिवर्तन के कारण रसुवा और भोटेकोशी क्षेत्रों में हाल में आई आपदा तथा वर्ष 2015 के विनाशकारी भूकंप के दौरान भारत की त्वरित सहायता का उल्लेख किया।
नेपाल के वित्त मंत्रालय के अनुसार मंत्री वाग्ले ने कहा कि हालिया आपदा और भूकंप के दौरान शुरुआती कुछ घंटों में ही भारत हमारी मदद के लिए पहुंच गया था और उसने असाधारण सहयोग किया। इसके लिए नेपाल बेहद आभारी है। उन्होंने आपदा प्रबंधन, पोषण और स्वच्छ ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय, त्रिपक्षीय तथा उपक्षेत्रीय स्तर पर सहयोग को संस्थागत रूप देने की संभावनाओं पर भी सवाल उठाया।
इसके जवाब में भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि जहां संभव हो, वहां औपचारिक संस्थागत ढांचे का महत्व बना रहता है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन को इसका उदाहरण बताया। जयशंकर ने यह भी कहा कि हाल के समय में समान विचारधारा वाले देशों के बीच जरूरत के अनुसार सहयोग करने और परिणाम देने वाली पहलों को प्राथमिकता देने का रुझान बढ़ रहा है।