Posted on:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और सार्वजनिक सेवा के 25 वर्षों के उपलक्ष्य में, एक माह तक चलने वाले 'सेवा संकल्प अभियान' का शुभारंभ आज गुजरात के उनके गृह नगर वड़नगर से किया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल समारोह के अंतर्गत वड़नगर से वाराणसी तक की साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाएंगे।
प्रधानमंत्री के जन्मस्थान वड़नगर में आज उनके जन्मदिन के अवसर पर कल्याणकारी कार्यक्रमों की एक श्रृंखला आयोजित की जाएगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ऐतिहासिक शर्मिष्ठा झील पर भव्य महा आरती में भाग लेंगे, जहां पवित्र जल को कलश में भरकर वाराणसी जा रहे बाइक सवारों को सौंपा जाएगा।
गणमान्य व्यक्ति झील से हटकेश्वर मंदिर तक पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे और प्रार्थना करेंगे। इसके बाद वे जनसेवा का संदेश फैलाने के लिए वाराणसी जा रहे 250 साइकिल सवारों के एक समूह को हरी झंडी दिखाएंगे। गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल वड़नगर रेलवे स्टेशन पर स्वच्छता अभियान का नेतृत्व भी करेंगे।