मारुति सुजुकी कुल बिक्री अगस्त में 21.3 फीसदी बढ़कर 2.19 लाख इकाई पहुंची

Posted on: 2026-09-01


hamabani image

नई दिल्ली, 01 सितंबर । देश की सबसे बड़ी कार विनिर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड (एमएसआईएल) की अगस्त में कुल बिक्री सालाना आधार पर 21.3 फीसदी बढ़कर 2,19,220 इकाई हो गई है। पिछले साल कंपनी ने इसी महीने में कुल 1,80,683 वाहन बेचे थे।

मारुति सुजुकी ने मंगलवार को शेयर बाजार को सूचना दी कि अगस्त महीने में उसकी यात्री वाहनों की कुल घरेलू बिक्री 34.8 फीसदी बढ़कर 1,76,971 इकाई हो गई, जबकि पिछले साल पहले इसी महीने में यह 1,31,278 इकाई रही थी। कंपनी ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 के पहले पांच माह (अप्रैल-अगस्त) में कुल 10 लाख इकाई की बिक्री का आंकड़ा पार कर लिया है। कंपनी ने बताया कि अगस्त में हल्के वाणिज्यिक वाहन (एलसीवी) समेत उसकी कुल घरेलू बिक्री 1,80,078 इकाई रही है। हालांकि, अगस्त में कुल निर्यात घटकर 33,844 इकाई रह गया, जो एक साल पहले इसी महीने में यह 36,538 इकाई था। अगस्त में ऑल्टो और एस-प्रेसो समेत छोटी कारों की बिक्री बढ़कर 8,799 इकाई हो गई, जबकि एक साल पहले इसी महीने में 6,853 इकाई थी।

मारुति ने बताया कि बलेनो, सेलेरियो, सियाज, डिजायर, इग्निस, स्विफ्ट और वैगनआर जैसे मध्यम आकार के वाहनों की बिक्री अगस्त में बढ़कर 77,166 इकाई हो गई, जो पिछले साल अगस्त में 59,597 इकाई थी। ब्रेजा, अर्टिगा, ई-विटारा, फ्रॉन्क्स, ग्रैंड विटारा, इनविक्टो, जिम्नी, विक्टोरिस और एक्सएल6 जैसे यूटिलिटी वाहनों की बिक्री 79,045 इकाई रही, जबकि एक साल पहले इसी महीने में यह 54,043 इकाई थी। इसके अलावा अगस्त में ईको वैन की बिक्री 11,961 इकाई रही है, जबकि पिछले साल अगस्त में यह 10,785 इकाई थी। मारुति सुजुकी ने बताया कि एलसीवी सुपर कैरी की बिक्री 3,107 इकाई रही, जबकि एक साल पहले इसी महीने में यह 2,772 इकाई थी।