उदयपुर सिटी-असरवा वंदे भारत अब सूरत तक जाएगी, रेलवे बोर्ड की सैद्धांतिक मंजूरी

Posted on: 2026-09-01


hamabani image

सूरत, 01 सितंबर  गुजरात और राजस्थान के बीच रेल संपर्क को मजबूत करने की दिशा में रेलवे बोर्ड ने अहम निर्णय लिया है। उदयपुर सिटी-असरवा के बीच चल रही वंदे भारत एक्सप्रेस को सूरत तक विस्तारित करने की सैद्धांतिक मंजूरी दे दी गई है। इससे दक्षिण गुजरात के यात्रियों को उदयपुर और राजस्थान के अन्य प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों तक सीधी रेल सुविधा मिल सकेगी।

प्रस्तावित व्यवस्था के तहत ट्रेन मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन संचालित होगी। सूरत से ट्रेन सुबह 6:10 बजे रवाना होकर दोपहर 1:40 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन उदयपुर सिटी से दोपहर 3:35 बजे रवाना होकर रात 11 बजे सूरत पहुंचेगी। विस्तारित मार्ग में भरूच, वडोदरा, आणंद, मणिनगर, असरवा, हिम्मतनगर, शामलाजी रोड, डूंगरपुर और जावर प्रमुख ठहराव होंगे।

इस ट्रेन के सूरत तक विस्तार से दक्षिण गुजरात के व्यापारियों, पर्यटकों और राजस्थान जाने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलने की उम्मीद है। खासकर उदयपुर और श्रीनाथद्वारा जाने वाले यात्रियों के लिए यह सीधी रेल सेवा महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

हालांकि, विस्तारित सेवा किस तारीख से शुरू होगी, इसकी अंतिम आधिकारिक घोषणा पश्चिम रेलवे द्वारा की जानी बाकी है। रेलवे द्वारा परिचालन की तारीख और अंतिम समय-सारिणी जारी किए जाने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

केंद्रीय जल शक्तिमंत्री सी आर पाटिल ने अपने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी साझा करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव को धन्यवाद देते हुए जल्द ही यह आधुनिक ट्रेन सेवा में प्रारंभ होगी। इसे सूरत सहित दक्षिण गुजरात की महत्वपूर्ण सौगात है।