रायपुर, 31 अगस्त छत्तीसगढ़ में खनिज क्षेत्र के विकास, निवेश और महत्वपूर्ण खनिज संसाधनों के प्रभावी दोहन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारत सरकार के खान मंत्रालय द्वारा आज सोमवार को नवा रायपुर स्थित मेफेयर लेक रिजॉर्ट में क्रिटिकल एवं स्ट्रेटेजिक मिनरल ब्लॉक्स की नीलामी की आठवीं किश्त पर रोड शो आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि होंगे।
कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे, छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम (सीएमडीसी) के अध्यक्ष सौरभ सिंह, राज्य के मुख्य सचिव, खान मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, केंद्र एवं राज्य सरकार के अधिकारी, खनन क्षेत्र के विशेषज्ञ तथा उद्योग जगत के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।
भारत सरकार ने आठवीं किश्त के तहत 20 खनिज ब्लॉक्स को नीलामी के लिए रखा है। इनमें तीन माइनिंग लीज तथा 17 कंपोजिट लाइसेंस ब्लॉक्स शामिल हैं। इन ब्लॉक्स में ग्रेफाइट, रेयर अर्थ एलिमेंट्स, रेयर मेटल्स, वैनेडियम, गैलियम, टाइटेनियम, मोलिब्डेनम और टंगस्टन सहित कई महत्वपूर्ण एवं रणनीतिक खनिज शामिल हैं, जो ऊर्जा सुरक्षा, आधुनिक प्रौद्योगिकी, औद्योगिक विकास और राष्ट्रीय रणनीतिक आवश्यकताओं के लिए महत्वपूर्ण माने जाते हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10:30 बजे पंजीयन एवं चाय के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी। दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री के आगमन के बाद दीप प्रज्ज्वलन, वंदे मातरम् एवं राष्ट्रगान होगा। इसके पश्चात खनिज संसाधन विभाग के सचिव स्वागत उद्बोधन देंगे। खान मंत्रालय के संयुक्त सचिव, खान सचिव, राज्य के मुख्य सचिव तथा सीएमडीसी के अध्यक्ष भी कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इसके बाद केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का उद्बोधन होगा।
रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य में टिन पोर्टल तथा ई-रेत सांगवारी पोर्टल का शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर सीएमडीसी और इंडियन ओवरसीज बैंक के बीच एमओयू तथा कोरन्डम कटिंग एवं पॉलिशिंग प्रशिक्षण के लिए पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के साथ एमओयू का आदान-प्रदान होगा। साथ ही माइनर मिनरल्स पर प्रकाशित पुस्तक का विमोचन तथा तीन लाइमस्टोन माइनिंग लीज ब्लॉक्स के लिए एनआईटी जारी करने की प्रक्रिया भी संपन्न होगी।