राजधानी रायपुर में स्मार्ट पुलिसिंग को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। रायपुर कमिश्नरेट के सभी 100 प्रतिशत थानों में अब e-मालखाना 2.0 प्रणाली लागू कर दी गई है। इस डिजिटल व्यवस्था के तहत जब्त संपत्ति और केस प्रॉपर्टी का प्रबंधन पहले से अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जाएगा। पुलिस आयुक्त संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित कांबले के निर्देशन में इस तकनीक आधारित प्रणाली की शुरुआत की गई है। रायपुर पश्चिम पुलिस उपायुक्त रॉबिंसन गुड़िया द्वारा विकसित किए गए e-मालखाना 2.0 सॉफ्टवेयर का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर एक साथ 10 नए e-मालखानों का उद्घाटन किया गया। इसके साथ ही रायपुर कमिश्नरेट के कुल 21 थानों में यह आधुनिक प्रणाली संचालित हो गई है।
बारकोड से होगी जब्त सामान की पहचान
e-मालखाना 2.0 की सबसे बड़ी खासियत बारकोड आधारित डिजिटल ट्रैकिंग सिस्टम है। अब थानों के मालखाने में जमा प्रत्येक जब्त वस्तु और केस प्रॉपर्टी को एक यूनिक बारकोड दिया जाएगा। बारकोड स्कैन करते ही संबंधित वस्तु की पूरी जानकारी तुरंत उपलब्ध हो जाएगी। इसमें केस विवरण, जब्ती की तारीख, जमा करने की जानकारी, वर्तमान स्थिति और अन्य जरूरी रिकॉर्ड शामिल होंगे। इस व्यवस्था से पुलिसकर्मियों को मालखाने में रखी सामग्री को खोजने और उसकी निगरानी करने में आसानी होगी। साथ ही रिकॉर्ड में होने वाली गड़बड़ियों की संभावना भी कम होगी।
पश्चिम जोन के थानों में हुआ शुभारंभ
रायपुर पश्चिम जोन के सभी थानों में e-मालखाना 2.0 का उद्घाटन किया गया। थाना टिकरापारा और थाना न्यू राजेंद्र नगर में पुलिस आयुक्त संजीव शुक्ला ने इसका शुभारंभ किया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित कांबले, पुलिस उपायुक्त पश्चिम रॉबिंसन गुड़िया, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम राहुल देव शर्मा, एसीपी आजाद चौक ईशू अग्रवाल, एसीपी पुरानी बस्ती देवांश राठौर, एसीपी न्यू राजेंद्र नगर नवनीत पाटिल सहित संबंधित थाना प्रभारी मौजूद रहे। वहीं थाना खमतराई में e-मालखाना 2.0 का उद्घाटन अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित कांबले ने किया। इस दौरान पुलिस उपायुक्त उत्तर दीपमाला कश्यप, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त उत्तर आदित्य पाण्डेय और अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
इन थानों में शुरू हुआ संचालन
आज शुरू किए गए नए e-मालखानों में टिकरापारा, न्यू राजेंद्र नगर, मुजगहन, पुरानी बस्ती, डीडी नगर, आमानाका, आजाद चौक, सरस्वती नगर और खमतराई थाना शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस प्रणाली के लागू होने से मालखाना प्रबंधन की पूरी प्रक्रिया डिजिटल हो जाएगी। इससे जब्त सामान की सुरक्षा बढ़ेगी और पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आएगी।
स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में बड़ा कदम
रायपुर कमिश्नरेट लगातार तकनीक आधारित पुलिसिंग को बढ़ावा देने की दिशा में काम कर रहा है।
e-मालखाना 2.0 इसी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल प्रणाली से पुलिस विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी और न्यायिक प्रक्रिया में भी मदद मिलेगी। केस प्रॉपर्टी से संबंधित जानकारी आसानी से उपलब्ध होने से जांच प्रक्रिया को गति मिलेगी। e-मालखाना 2.0 के शुभारंभ को रायपुर कमिश्नरेट में स्मार्ट पुलिसिंग और डिजिटल प्रशासन की दिशा में ऐतिहासिक पहल माना जा रहा है। यह व्यवस्था आने वाले समय में पुलिस कार्यों को और अधिक आधुनिक और प्रभावी बनाने में मदद करेगी।