गोयल ने कहा- 2047 तक 30 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लिए निष्पक्ष व्यापार और सर्कुलर इकोनॉमी की जरूरत

Posted on: 2026-08-12


hamabani image

नई दिल्ली, 12 अगस्त । केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को भारतीय व्यवसायों और नागरिकों से भारतीय उत्पादों और सेवाओं को वैश्विक बाजारों में ले जाते समय उचित व्यापार प्रथाओं और सकुर्लर इकोनॉमी को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि भारत को वर्ष 2047 तक 30 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लिए आर्थिक विकास के साथ-साथ टिकाऊ और जिम्मेदार कारोबारी मॉडल अपनाना होगा।

गोयल ने नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में 'भारतीय व्यापार महोत्सव' को संबोधित करते हुए कहा कि अब नौ मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) के माध्यम से भारतीय उद्योग एवं व्यवसायों के लिए बाजार खुल गए हैं। उन्होंने निष्पक्ष व्यापार के तौर-तरीकों को अपनाने के साथ ‘मेक इन इंडिया’ को स्थानीय से वैश्विक स्तर पर ले जाने का भी आह्वान किया। गोयल ने कहा कि मौजूदा 4 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी वर्ष 2047 तक कम से कम 30 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने वाली है।

गोयल ने भारत के निर्यात में हुई वृद्धि का उल्लेख करते हुए बताया कि पिछले वर्ष वस्तुओं और सेवाओं का निर्यात रिकॉर्ड 863 ट्रिलियन डॉलर पर पहुंच गया है। इसमें 442 ट्रिलियन डॉलर का वस्तु निर्यात और 421 ट्रिलियन डॉलर का सेवा निर्यात भी शामिल है। उन्होंने बताया कि पिछले छह वर्षों में निर्यात में लगभग 73 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि चालू वित्त वर्ष के लिए निर्यात का लक्ष्य एक ट्रिलियन डॉलर रखा गया है। उन्होंने बताया कि चालू वित्त वर्ष 2026-27 के पहले 4 महीनों (अप्रैल से जुलाई) के दौरान निर्यात में लगभग 15 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई।

गोयल ने कहा कि भारत का व्यापारी और उत्पादक, देश की ताकत है और आज भारतीय व्यापार महोत्सव के माध्यम से एक बार फिर अपने व्यापारी और उत्पादक बंधुओं से जुड़ने का अवसर मिला। उन्होंने आगे कहा कि हाल ही में हुए मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के माध्यम से भारत का उद्यमी 'वोकल फॉर लोकल' से 'लोकल टू ग्लोबल' तक, दुनिया के बाजारों में अपनी अमिट छाप छोड़ रहा है।

इससे पहले केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भारत मंडपम में दीप प्रज्ज्वलित करके 12 से 15 अगस्त तक चलने वाले चार दिवसीय भारतीय व्यापार महोत्सव का उद्घाटन किया। इस अवसर पर स्वदेशी जागरण मंच के कश्मीरी लाल, वाणिज्य एवं उद्योग राज्यमंत्री जितिन प्रसाद, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल और अन्य विशिष्ट अतिथिगण मौजूद रहे।