शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार पर दबाव, सेंसेक्स और निफ्टी लुढ़के

Posted on: 2026-08-11


hamabani image

नई दिल्ली, 11 अगस्त । घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान दबाव बना हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत भी मामूली गिरावट के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की कमजोरी बढ़ती चली गई। हालांकि पहले आधे घंटे के कारोबार के बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बनाने की कोशिश की, जिससे इन दोनों सूचकांकों की स्थिति में मामूली सुधार होता हुआ नजर आया। पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.49 प्रतिशत और निफ्टी 0.45 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 32.67 अंक यानी 0.04 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 78,509.77 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसके कारण यह सूचकांक गिरता चला गया। लगातार हो रही बिकवाली के कारण पहले आधे घंटे के कारोबार में सेंसेक्स लगभग 400 अंक टूट कर 78,114.07 अंक के स्तर तक पहुंच गया था। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बनाया, जिससे इसकी स्थिति में सुधार होने लगा। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 387.58 अंक लुढ़क कर 78,154.86 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 8.70 अंक यानी 0.04 प्रतिशत फिसल कर 24,575.10 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही शेयरों की चौतरफा बिक्री शुरू हो गई, जिसके कारण यह सूचकांक गिरता चला गया। लगातार हो रही बिकवाली के कारण पहले आधे घंटे के कारोबार में ही निफ्टी 120 अंक से अधिक फिसल कर 24,460 90 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बनाने की कोशिश की, जिससे इस सूचकांक की स्थिति में मामूली सुधार भी हुआ। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 110.45 अंक की गिरावट के साथ 24,473.35 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,801 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,342 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,459 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से सात शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 23 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 16 शेयर हरे निशान में और 34 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से आयशर मोटर्स, बजाज ऑटो, एचसीएल टेक्नोलॉजी, टाइटन कंपनी और बजाज फिनसर्व के शेयर 1.37 प्रतिशत से लेकर 0.76 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, नेस्ले, एक्सिस बैंक, इंटर ग्लोब एविएशन और एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के शेयर 1.79 प्रतिशत से लेकर 1.08 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन सोमवार को सेंसेक्स 43.67 अंक यानी 0.06 प्रतिशत की मामूली मजबूती के साथ 78,542.44 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 13.15 अंक यानी 0.05 प्रतिशत की सांकेतिक उछाल के साथ 24,583.80 अंक के स्तर पर सोमवार के कारोबार का अंत किया था