तिरुवन्नामलाई पहुंचेंगे अमित शाह, रमण आश्रम और अरुणाचलेश्वर मंदिर में करेंगे दर्शन

Posted on: 2026-08-08


hamabani image

तिरुवन्नामलाई, 08 अगस्त। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार काे तमिलनाडु के तिरुवन्नामलाई पहुंचेंगे। उनके दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। अमित शाह के दौरे के मद्देनजर तिरुवन्नामलाई में दो दिनों तक ड्रोन और रिमोट से संचालित विमानों के उड़ाने पर प्रतिबंध लगाया गया है।

अमित शाह शनिवार से तमिलनाडु और पुडुचेरी के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। महाराष्ट्र में आयाेजित कार्यक्रम में शामिल हाेने के बाद वह विमान से चेन्नई पहुंचेंगे और वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए तिरुवन्नामलाई रवाना होंगे। शाम करीब 4:20 बजे तिरुवन्नामलाई पहुंचने की संभावना है।

तिरुवन्नामलाई पहुंचने के बाद अमित शाह कार से गिरिवलम मार्ग स्थित रमण आश्रम जाएंगे। यहां वह करीब एक घंटे तक होने वाली विशेष पूजा में शामिल होंगे। इसके बाद वह अरुणाचलेश्वर मंदिर पहुंचकर भगवान के दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे। शाम करीब 6 बजे तिरुवन्नामलाई से सड़क मार्ग के जरिए पुडुचेरी के लिए रवाना होने का कार्यक्रम है।

अमित शाह के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। सरकारी कला महाविद्यालय के मैदान समेत गिरिवलम मार्ग के उन्नामलाई अम्मन नगर में हेलीपैड तैयार किए गए हैं। दौरे से पहले दोनों हेलीपैड पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और एडवांस सिक्योरिटी अधिकारियों की मौजूदगी में हेलीकॉप्टर लैंडिंग की रिहर्सल भी की गई।

केंद्रीय गृह मंत्रालय के सुरक्षा अधिकारियों ने कलेक्टर वंदना गर्ग और जिला पुलिस अधीक्षक उदय कुमार के साथ सुरक्षा गिरिवलम मार्ग से रमण आश्रम और अरुणाचलेश्वर मंदिर तक जाने वाले रास्ते का निरीक्षण किया। इसके अलावा दौरे से जुड़े प्रमुख स्थानों और मार्गों तथा मंदिर से पुडुचेरी जाने वाले सड़क मार्ग का निरीक्षण किया।

कलेक्टर वंदना गर्ग के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्री की सुरक्षा को देखते हुए शनिवार और रविवार काे तिरुवन्नामलाई में ड्रोन और रिमोट से संचालित मानवरहित विमानों के उड़ान भरने पर प्रतिबंध रहेगा।

प्रशासन का कहना है कि बिना अनुमति ड्रोन या अन्य मानवरहित हवाई उपकरणों का इस्तेमाल सुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर सकता है। इसी वजह से सार्वजनिक सुरक्षा और वीआईपी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह प्रतिबंध लगाया गया है।

अमित शाह के दौरे को देखते हुए तिरुवन्नामलाई में तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। हेलीपैड, मंदिर, रमण आश्रम और गृह मंत्री के यात्रा मार्ग समेत संवेदनशील क्षेत्रों में एक हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

प्रशासन और पुलिस विभाग ने दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं।