ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल हाे सकते हैं बांग्लादेश के पीएम तारिक रहमान, मोदी से होगी अहम मुलाकात

Posted on: 2026-08-08


hamabani image

ढाका, 08 अगस्त  नई दिल्ली में अगले महीने आयोजित हो रहे ब्रिक्स सम्मेलन में बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान का शामिल होना तय माना जा रहा है। इस सिलसिले में आगामी दस अगस्त को ढाका में नियुक्त भारतीय उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी और प्रधानमंत्री तारिक रहमान के बीच अहम बैठक होने वाली है। ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग से जुड़े एक विश्वस्त सूत्र ने बताया कि इस बैठक में अंतिम निर्णय के बाद आधिकारिक रूप से बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होने की घोषणा की जाएगी।

इस दौरान बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच होने वाली संभावित बैठक का समय भी निर्धारित किया जाएगा। इसके अलावा दोनों देशों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करने, आर्थिक सहयोग सहित अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। भारत के प्रधानमंत्री के साथ बातचीत के दौरान बांग्लादेश की ओर से किन-किन मुद्दों को उठाया जाएगा, इस पर आठ अगस्त को प्रधानमंत्री कार्यालय में होने वाली एक महत्वपूर्ण बैठक में निर्णय लिया जाएगा।

बिम्सटेक के अध्यक्ष के रूप में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 12-13 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के आउटरीच सत्र में शामिल होने के लिए बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान को आमंत्रित किया है।

उल्लेखनीय है कि 12-13 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में ब्रिक्स सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। बांग्लादेश ब्रिक्स का सदस्य बनने में रुचि रखता है। ऐसे में सम्मेलन में बांग्लादेश के प्रधानमंत्री की भागीदारी दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय बातचीत का अवसर प्रदान कर सकती है।