बलरामपुर : वीबी जी राम-जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जनप्रतिनिधियों को प्रशिक्षण

Posted on: 2026-08-07


hamabani image

बलरामपुर, 07 अगस्त । ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने और वीबी जी राम-जी योजना का प्रभावी, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए जनप्रतिनिधियों को योजना के प्रावधानों से अवगत कराया जा रहा है। आज शुक्रवार को विकासखंड स्तर पर आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सरपंच, उपसरपंच और पंचों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान योजना के तहत रोजगार, जल संरक्षण, आजीविका संवर्धन और ग्राम विकास से जुड़े कार्यों में जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी गई।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में विकासखंड स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जनपद पंचायत वाड्रफनगर एवं राजपुर में जनपद सीईओ के नेतृत्व में एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनरों ने जनप्रतिनिधियों को वीबी जी राम-जी योजना के उद्देश्य और प्रावधानों की जानकारी दी। उन्हें विकसित भारत के संकल्प में ग्राम पंचायतों की भूमिका, योजना के क्रियान्वयन में जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियां, कार्यों में पारदर्शिता, जनसहभागिता तथा ग्राम विकास की कार्ययोजना तैयार करने की प्रक्रिया के बारे में बताया गया।

प्रशिक्षण में बताया गया कि योजना का उद्देश्य ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के साथ आत्मनिर्भर, समृद्ध और विकसित गांवों का निर्माण करना है। इसके तहत जल सुरक्षा, जल संरक्षण एवं जल संवर्धन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने के साथ प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर भी जोर दिया जा रहा है।

जनप्रतिनिधियों को श्रमिकों को 100 दिनों के स्थान पर 125 दिनों तक रोजगार उपलब्ध कराने, आजीविका संवर्धन को बढ़ावा देने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत अधोसंरचना को मजबूत करने से जुड़े प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही ग्राम सभा की सक्रिय भागीदारी, गुणवत्तापूर्ण कार्य, समयबद्ध क्रियान्वयन और सामाजिक जवाबदेही सुनिश्चित करने के संबंध में भी विस्तार से समझाया गया।

प्रशिक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों ने योजना से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर अपनी जिज्ञासाएं रखीं, जिनका मास्टर ट्रेनरों द्वारा समाधान किया गया। उन्हें अपने-अपने ग्राम पंचायतों में योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और अधिक से अधिक ग्रामीणों को इसके प्रावधानों एवं उपलब्ध अवसरों से जोड़ने के लिए प्रेरित किया गया।

प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्राम स्तर पर योजना की बेहतर समझ विकसित कर विकास कार्यों में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। इससे जल संरक्षण आधारित कार्यों, ग्रामीण रोजगार और आजीविका संवर्धन से जुड़ी गतिविधियों को गति मिलने के साथ गांवों में विकास की योजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने में मदद मिलेगी।