शूटिंग के दौरान महेश बाबू का वीडियो लीक

Posted on: 2026-08-06


hamabani image

एसएस राजामौली की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'वाराणसी' एक बार फिर शूटिंग से जुड़े लीक फुटेज को लेकर चर्चा में है। हैदराबाद में चल रही फिल्म की शूटिंग के दौरान महेश बाबू का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद सेट से फुटेज का बाहर आना निर्माताओं के लिए चिंता का विषय बन गया है। वायरल वीडियो को फिल्म के चर्चित वाराणसी घाट सीक्वेंस का हिस्सा बताया जा रहा है, हालांकि निर्माताओं की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

वायरल वीडियो में महेश बाबू को पानी के अंदर खून से लथपथ हालत में एक्शन सीक्वेंस फिल्माते हुए देखा जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कयास लगाए जा रहे हैं कि यह फिल्म के सबसे बड़े और हाई-वोल्टेज एक्शन दृश्यों में से एक हो सकता है। इससे पहले भी फिल्म के सेट से पृथ्वीराज सुकुमारन की कुछ तस्वीरें लीक हुई थीं, जिनमें वह कथित तौर पर खलनायक के लुक में नजर आए थे। लगातार हो रहे इन लीक ने फिल्म की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हाल के दिनों में उग्रभट्टी गुफाओं से जुड़े एक कथित लीक के बाद यह दूसरा बड़ा मामला है, जिससे प्रशंसकों में भी नाराजगी देखने को मिल रही है। सोशल मीडिया पर कई फैंस निर्माताओं से सेट की सुरक्षा और सख्त करने की मांग कर रहे हैं ताकि फिल्म के अहम दृश्य रिलीज से पहले सामने न आएं। हालांकि, ताजा लीक पर फिल्म की टीम की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। महेश बाबू, पृथ्वीराज सुकुमारन और प्रियंका चोपड़ा अभिनीत 'वाराणसी' 7 अप्रैल, 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।