कांकेर, 4 अगस्त जिले के कोयलीबेड़ा ब्लॉक में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। बारिश के चलते कोतुलबेड़ा और कसादण्ड को जोड़ने वाली प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई है। तेज बहाव में बीच की पाइप पुलिया बह जाने से कोतुलबेड़ा, कसादण्ड और पुसावादी गांवों का ब्लॉक मुख्यालय से सड़क संपर्क पूरी तरह टूट गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, बारिश के कारण सड़क पर तीन से चार फीट तक गहरे गड्ढे हो गए हैं और कई जगह मिट्टी धंस गई है। करीब 15 मीटर हिस्से में सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। पुलिया बहने से मार्ग का बड़ा हिस्सा टूट गया है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
फिलहाल ग्रामीण लकड़ियों के सहारे अस्थायी रास्ता तैयार करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन यह रास्ता जोखिम भरा बना हुआ है। बारिश के दौरान इस मार्ग से गुजरना जान जोखिम में डालने जैसा है।
पूर्व सरपंच अनिल दर्रो ने आरोप लगाया कि पिछले साल भी इसी स्थान पर पुलिया बह गई थी, लेकिन जिम्मेदार विभाग ने स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया और केवल औपचारिकता पूरी की गई।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बारिश थमने के बाद तत्काल अस्थायी मार्ग तैयार किया जाए और भविष्य के लिए मजबूत एवं स्थायी पुलिया का निर्माण कराया जाए। फिलहाल कोतुलबेड़ा क्षेत्र के ग्रामीणों का ब्लॉक मुख्यालय से संपर्क बाधित है।