दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गए एक युवक की डैम में डूबने से मौत हो गई। हादसा कोटा थाना क्षेत्र के औंरापानी डैम में हुआ। नहाने के दौरान युवक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
जानकारी के अनुसार, सरकंडा निवासी ऋषभ देव अपने दोस्तों अभिषेक जायसवाल, राकेश साहू, दीपक जायसवाल, कुशल टेक्नो और बिट्टू के साथ पिकनिक मनाने औंरापानी डैम पहुंचा था। सभी दोस्त डैम में नहा रहे थे, तभी ऋषभ अचानक गहरे पानी में चला गया और पानी में डूब गया।
घटना के बाद दोस्तों ने तत्काल मदद की कोशिश की और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब 7 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने युवक का शव डैम से बाहर निकाला।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है। हादसे के बाद मृतक के परिवार और दोस्तों में शोक का माहौल है।