नगर के सीताराम गली के समीप रेलवे ट्रैक पार करते समय एक महिला ट्रेन की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतका की पहचान श्रीमती सावित्री देवांगन (35 वर्ष), पति संतोष कुमार देवांगन, निवासी सीताराम गली चांपा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सावित्री देवांगन भोजपुर स्थित एक निजी संस्था में कार्यरत थीं। सोमवार सुबह वह रोज की तरह अपने घर से काम पर जाने के लिए निकली थीं।
इसी दौरान सीताराम गली के पास स्थित रेलवे ट्रैक पार करते समय अचानक वह ट्रेन की चपेट में आ गईं। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।