बीजापुर । प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अंतर्गत कार्य कर रहे ठेकेदारों और ठेकेदार संगठन ने विभाग के प्रभारी कार्यपालन अभियंता नवीन टुंडी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। ठेकेदारों का आरोप है कि विभागीय कार्यों में अनावश्यक बाधाएं उत्पन्न की जा रही हैं, जिससे निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे हैं। निर्माण कार्य करने के बावजूद एडवांस कमीशन की मांग कर भुगतान प्रदाय नहीं किया जा रहा है।
ठेकेदार हरबीर सिंह बदेशा ने आरोप लगाया कि प्रभारी कार्यपालन अभियंता
द्वारा उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है तथा उनके कार्यों का भुगतान
भी लंबित रखा गया है। उन्होंने कहा कि भुगतान नहीं होने के कारण उन्हें आर्थिक
कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और वे मानसिक तनाव में हैं। घर बेचकर उन पैसों
से सड़क निर्माण कार्य किया हूं। भुगतान प्रदाय करने हेतु समस्त दस्तावेज सत्यापन
कर कार्यालय में जमा कर दिया हु जिसके बावजूद भी भुगतान हेतु बिल उच्च कार्यालय को
प्रेषित नहीं किया गया और अन्याय की सब हदें पार हुई जब सड़क को निरस्त कर दिया
गया।
हरबीर सिंह बदेशा ने
कहा, "मेरे द्वारा किए गए कार्यों का भुगतान नहीं
किया जा रहा है। लगातार विभागीय स्तर पर परेशान किया जा रहा है, जिससे
मैं आर्थिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित हूं।" उन्होंने आगे कहा कि कलेक्टर
बीजापुर को भी सड़क निर्माण के बारे में भ्रामक तथ्य और गलत जानकारी दी गई। उनके
द्वारा उच्च कार्यालय को भी गलत जानकारी दिया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि टी02 से दमारम, भोगमगुड़ा
से गुमरा, गगनपल्ली से रावतपारा सड़कों का निर्माण नवम्बर
2025 से ठेकेदार हरबीर सिंह बदेशा द्वारा अति नक्सल
प्रभावित होने के कारण पुलिस बल के सहयोग से सड़क निर्माण कार्य किया जा रहा है।
निर्माणधीन सड़कों का प्रत्येक माह प्रोग्रेस उच्च कार्यालय को प्रेषित किया गया
है, और सड़क निर्माण कार्य के दौरान उप अभियंत्रा, सहायक
अभियंता, कार्यपालन अभियंता द्वारा सतत मार्गदर्शन दिया
गया है, उन्हीं के अनुसार कार्य किया गया। इन सबके
बावजूद भुगतान प्राप्त नहीं हुआ है।
ठेकेदार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष बिरेश शुक्ला ने चेतावनी दी है कि यदि
शासन द्वारा प्रभारी कार्यपालन अभियंता नवीन टुंडी के विरुद्ध शिकायतों की
निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो प्रदेश स्तर पर आंदोलन शुरू किया
जाएगा। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर पूरे छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री ग्राम
सड़क योजना से जुड़े कार्य बंद कर ठेकेदारों को कार्यस्थलों से वापस बुलाने का
निर्णय लिया जा सकता है।
प्रदेश अध्यक्ष के अनुसार, ठेकेदारों की समस्याओं को लंबे समय से नजरअंदाज किया जा रहा है, जिससे निर्माण
एजेंसियों में नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने शासन से मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर
समाधान निकालने की मांग की है।
उक्त संबंध में कार्यपालन अभियंता नवीन टुंडी का पक्ष जानने हेतु मोबाइल पर
संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।