भिलाई। दुर्ग शहर के मोहन नगर थाना क्षेत्र स्थित एसटीएफ कॉलोनी में आज सुबह दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। एक महिला ने घर में घुसकर मां और उसके दो मासूम बच्चों पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार सुबह करीब 8 बजे आरोपिया सरोजिनी भारद्वाज (25 वर्ष) हल्दीडीह थाना जैजैपुर जिला सक्ती (वर्तमान निवास सिकोला भाठा) ने एसटीएफ कॉलोनी डी-ब्लॉक स्थित फ्लैट नंबर डी-15 में जबरन प्रवेश किया। यह मकान एसटीएफ आरक्षक ललितेश यादव का है। घर में मौजूद उनकी पत्नी रीना यादव (35 वर्ष), पुत्री नैना यादव (12 वर्ष) और पुत्र आदित्य यादव (8 वर्ष) पर आरोपी महिला ने सब्जी काटने वाले चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं एक बेटी ने भागकर जान बचाई।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल घायलों को स्मृति नगर स्थित हाईटेक अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान रीना यादव और उनके 8 वर्षीय पुत्र आदित्य की मौत हो गई। वहीं 12 वर्षीय नैना यादव की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। इस घटना में एसटीएफ आरक्षक अमीष यादव की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 109 (हत्या के प्रयास) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपिया से पूछताछ कर रही है और इस जघन्य वारदात के पीछे के कारणों की जांच जारी है। इलाके में इस घटना के बाद शोक और भय का माहौल है।