छत्तीसगढ़ के मध्य क्षेत्र में लू की चेतावनी

Posted on: 2026-04-24


hamabani image

रायपुर, 24 अप्रैल । छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक अगले 72 घंटों के भीतर पारे में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। विशेष रूप से प्रदेश के मध्य हिस्सों में 24 से 27 अप्रैल के बीच अलग-अलग स्थानों पर भीषण लू (हीट वेव) चलने की प्रबल संभावना है। मौसम विभाग ने दोपहर 12 से 4 बजे के बीच घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के मौसम को वर्तमान में दो प्रमुख मौसमी सिस्टम प्रभावित कर रहे हैं। पहली ट्रफ लाइन पूर्व विदर्भ से दक्षिण के कोमोरिन इलाके तक फैली हुई है, जो तेलंगाना, कर्नाटक और तमिलनाडु से होकर गुजर रही है। वहीं, दूसरा ट्रफ उत्तर-पूर्व बांग्लादेश से ओडिशा के उत्तरी हिस्से तक सक्रिय है।इन सिस्टम्स के प्रभाव से अगले 24 घंटों तक प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा, जिससे गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में राजनांदगांव 44 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी और ग्रीष्म लहर (लू) का प्रभाव ) तेजी से बढ़ रहा है, वहीं बस्तर संभाग के कई जिलों में मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने की संभावना है। इसके चलते रायपुर सहित कई जिलों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।वहीं बस्तर संभाग के बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव और उत्तर बस्तर कांकेर जिलों में मौसम का मिजाज बदलने की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। प्रदेश के अन्य जिलों में गर्मी का असर बरकरार रहेगा है।