जगदलपुर, 23 अप्रैल । संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा मानव सेवा और परोपकार की भावना को साकार करते हुए 25 अप्रैल को शहर में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर महारानी अस्पताल में सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा, जहां बड़ी संख्या में लोगों के रक्तदान करने की संभावना जताई जा रही है।
फाउंडेशन द्वारा देश भर में हर वर्ष इस तरह के रक्तदान शिविर आयोजित किए जाते हैं, जिनमें शासकीय अस्पतालों के सहयोग से रक्त संग्रह कर जरूरतमंद मरीजों को उपलब्ध कराया जाता है। इसी कड़ी में पहली बार जगदलपुर ब्रांच द्वारा इतने बड़े स्तर पर यह आयोजन किया जा रहा है, जिसे लेकर तैयारियां जोरों पर हैं।
आयोजकों के अनुसार शिविर में रक्तदाताओं के लिए बेहतर सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा। इसके साथ ही सभी रक्तदाताओं को प्रशंसा पत्र और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा। फाउंडेशन के पदाधिकारियों का कहना है, कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य अस्पतालों में रक्त की कमी को दूर करना और समाज में सेवा व सहयोग की भावना को बढ़ावा देना है। रक्तदान को महादान बताते हुए लोगों से अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ने की अपील की गई है। यह शिविर न केवल जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी साबित होगा, बल्कि समाज में जागरूकता फैलाने का भी एक सशक्त माध्यम बनेगा। रक्तदान एक ऐसा दान है, जिससे सीधे किसी की जान बचाई जा सकती है। दुर्घटनाओं, ऑपरेशन और गंभीर बीमारियों में रक्त की जरूरत लगातार बनी रहती है।