रायपुर, 21 अप्रैल । महिला आरक्षण बिल के पारित न होने पर भाजपा ने कांग्रेस के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया है। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने विपक्षी दलों, विशेषकर कांग्रेस की भूमिका की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की महिलाएं इस "ऐतिहासिक गलती" के लिए उन्हें कभी माफ नहीं करेंगी।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज मंगलवार काे रायपुर के न्यू सर्किट हाउस में पत्रकारों से नारी शक्ति वंदन अधिनियम के लोकसभा में पारित नहीं हो पाने पर कहा कि वास्तव में देश की आधी आबादी के साथ अन्याय और धोखा हुआ है। जब नगरीय निकायों एवं पंचायतों में महिलाओं को आरक्षण मिला हुआ है, तो उन्हें विधानसभा और लोकसभा में आरक्षण क्यों नहीं मिलना चाहिए? साव ने कहा कि कांग्रेस और विपक्षी दलों ने बहानेबाजी (किंतु-परंतु) करके बिल को रोका, जो न केवल महिलाओं का अपमान है,देश के साथ धोखा भी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का इतिहास हमेशा से महिला आरक्षण के विरोध में रहा है और जब 30 साल बाद यह मौका आया, तो उन्होंने फिर से रोड़ा अटकाया। उन्होंने चेतावनी दी कि देश और राज्य की महिलाओं में भारी गुस्सा है और कांग्रेस को उनके इस आक्रोश का सामना करना पड़ेगा।
अरुण साव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और विपक्षी दलों ने जानबूझकर लोकसभा में महिला आरक्षण विधेयक को पारित होने से रोका। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और विपक्षी दलों ने पिछले चार दशकों से महिलाओं को उनके अधिकार से वंचित रखा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार ने प्रयत्न किया कि आधी आबादी को उनका अधिकार मिले, लेकिन कांग्रेस और इंडी गठबंधन ने षड्यंत्र करके नारी शक्ति को फिर से उनके अधिकार से वंचित किया है। उनकी आवाज को और बुलंद करने के लिए विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया गया है।छत्तीसगढ़ की माताएं-बहनें कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगी।
भाजपा ने इसके खिलाफ प्रदेश स्तर पर विरोध प्रदर्शन और अभियान चलाने की रणनीति बनाई है।