पश्चिम एशिया में शांति की उम्मीद के कारण ग्लोबल मार्केट से पॉजिटिव संकेत, एशिया में भी तेजी का रुख

Posted on: 2026-03-25


hamabani image

नई दिल्ली, 25 मार्च । पश्चिम एशिया में शांति होने की उम्मीद के कारण ग्लोबल मार्केट से आज मजबूती के संकेत मिल रहे हैं। इसके पहले पिछले सत्र के दौरान अमेरिका और ईरान के बीच जारी जंग को लेकर जारी असमंजस की स्थिति की वजह से अमेरिकी बाजार कमजोरी के साथ बंद हुए थे। हालांकि डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज मजबूती के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान मिला-जुला कारोबार होता रहा। वहीं एशियाई बाजार में आज चौतरफा तेजी का रुख बना हुआ नजर आ रहा है।

पश्चिम एशिया में जारी युद्ध में सीजफायर को लेकर अमेरिका और ईरान की ओर से अलग-अलग बयान आने की वजह से पिछले सत्र के दौरान अमेरिकी बाजार में असमंजस की स्थिति बनी रही, जिसके कारण वॉल स्ट्रीट के सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए। एस एंड पी 500 इंडेक्स 0.37 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 6,556.37 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह नैस्डेक ने 184.87 अंक 0.84 प्रतिशत की गिरावट के साथ 21,761.89 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 379.77 अंक यानी 0.82 प्रतिशत उछल कर 46,503.83 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है।

यूरोपीय बाजार पिछले सत्र के कारोबार के बाद मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुए। एफटीएसई इंडेक्स 0.71 प्रतिशत की मजबूती के साथ 9,965.16 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 0.23 प्रतिशत की तेजी के साथ 7,743.92 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके विपरीत डीएएक्स इंडेक्स 0.07 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 22,636.91 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

एशियाई बाजार में आज चौतरफा तेजी का रुख बना हुआ है। एशिया के सभी नौ बाजार आज मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं। गिफ्ट निफ्टी 265.50 अंक यानी 1.16 प्रतिशत की तेजी के साथ 23,212 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.37 प्रतिशत उछल कर 4,880.19 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। ताइवान वेटेड इंडेक्स ने आज बड़ी छलांग लगाई है। फिलहाल यह सूचकांक 870.61 यानी 2.67 प्रतिशत की बढ़त के साथ 33,482.85 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है।

इसी तरह निक्केई इंडेक्स 1,372.72 अंक यानी 2.63 प्रतिशत की मजबूती के साथ 53,625 अंक के स्तर तक आ गया है। इसके अलावा सेट कंपोजिट इंडेक्स 2.16 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,440.79 अंक के स्तर पर, कोस्पी इंडेक्स 98.99 अंक यानी 1.78 प्रतिशत उछल कर 5,652.91 अंक के स्तर पर, शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.88 प्रतिशत की छलांग लगा कर 3,915.49 अंक के स्तर पर, जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.64 प्रतिशत की बढ़त के साथ 7,152.21 अंक के स्तर पर और हैंग सेंग इंडेक्स 0.06 प्रतिशत की मामूली मजबूती के साथ 25,078 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।